ब्रह्मास्त्र लखनऊ
लखनऊ में 100 की स्पीड में बेकाबू थार ने ई-आॅटो को टक्कर मार दी। हादसे में 2 युवकों की मौके पर मौत हो गई। 6 की हालत नाजुक बनी हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-आॅटो सवार लोग सड़क पर छिटककर तड़पने लगे।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस और 3 एम्बुलेंस पहुंचीं। घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 2 युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद चालक थार छोड़कर भाग गया। हादसा शनिवार शाम 7 बजे कैंट इलाके में कमांड हॉस्पिटल के पास हुआ।
मृतकों की पहचान निगोहां के उतरावां के मोहित (23) और उमेश साहू (26) के रूप में हुई। मोहित की शादी इसी साल 28 फरवरी को हुई थी। उसकी पत्नी 3 महीने की प्रेग्नेंट है। उसे पति के मौत के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। उमेश की शादी 2022 में हुई। उसके दो बच्चे हैं। घायलों में निगोहां के करनपुर निवासी भूपेंद्र, अंश, प्रमोद, अनुज, सुमित यादव शामिल हैं।
