ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर में रंगपंचमी पर निकलने वाली पारंपरिक गेर इस बार कई मायनों में अलग नजर आई। आयोजन में इस बार राजनीतिक मौजूदगी बेहद कम रही और अधिकांश गेर गैर-राजनीतिक स्वरूप में दिखाई दीं।
पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़ द्वारा दो दशक पहले शुरू की गई फाग यात्रा उनके निधन के बाद अब परिवार द्वारा निकाली जा रही है। इस गेर में कुछ हद तक राजनीतिक स्वरूप देखने को मिला, जबकि बाकी प्रमुख गेर इस बार राजनीतिक रंग से लगभग दूर रहीं।
सीएम समेत कई जनप्रतिनिधि गेर में नहीं पहुंचे- पिछले साल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति से गेर को राजनीतिक स्वरूप मिला था। इसके अलावा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और उनके समर्थक भी हर साल बड़ी संख्या में शामिल होते रहे हैं। इस बार वे गेर में नजर नहीं आए। विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति भी चर्चा में रही।
मेयर ने पहले ही किया था शामिल न होने का ऐलान- मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने भागीरथपुरा कांड के शोक के कारण होली और रंगपंचमी नहीं मनाने और गेर में शामिल न होने की घोषणा पहले ही कर दी थी। हालांकि नगर निगम की पारंपरिक गेर निकाली गई, लेकिन उसमें भी प्रमुख राजनीतिक चेहरे नहीं दिखे।