युवक ने लाठी से किया हमला, पुलिस ने लिया हिरासत में शासकीय विद्यालय से सेवानिवृत्त 85 साल के प्राचार्य की हत्या

उज्जैन। शासकीय माध्यमिक विद्यालय से सेवानिवृत्त 85 साल के प्राचार्य की बुधवार को हत्या कर दी गई। युवक ने लाठी से सिर पर 5 से 6 बार वार किये थे। पुलिस ने कुछ देर बाद ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। जिसके खिलाफ हत्या की धारा में प्रकरण दर्ज किया गया है।
भैरवगढ़ क्षेत्र के पिपली बाजार स्थित गणेश मंदिर के पास रहने वाले रमाशंकर शर्मा 85 साल शासकीय माध्यमिक विद्यालय से प्राचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बुधवार दोपहर पैदल घर से सिद्धवट की ओर जा रहे थे। घर से आगे दूसरी गली तक पहुंचे थे, उसी दौरान मोहन तंवर नामक युवक ने पीछे से उनके सिर पर लाठी से 5 से 6 बार वार किया। रमाशंकर शर्मा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। लोगों ने उन्हे बचाने का प्रयास किया और हमलावर युवक को भगाया। परिवार उन्हे उपचार के लिये निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां कुछ घंटे चलते उपचार के बाद शाम 5 बजे के लगभग उनकी मौत हो गई। सेवानिवृत्त प्राचार्य की लाठी से हमला कर हत्या की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची। हमला करने वाले मोहन तंवर को बमुश्किल हिरासत में लिया गया और थाने लाया गया। थाना प्रभारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि मामले में हत्या की धारा 103 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। निजी अस्पताल से शव चरक अस्पताल लाया गया है। गुरूवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जायेगा।
चार माह पहले हुआ था पत्नी का निधन
जानकारी सामने आई है कि मृतक रमाशंकर शर्मा की पत्नी का चार माह पहले ही निधन हुआ था। उनकी बेटी भी उज्जैन में रहती है, दोपहर उसकी के घर जाने के लिये निकले थे। घर के सामने रास्ता खुदा होने पर वह पास वाली गली से होकर गुजर रहे थे। उसी दौरान मोहन ने उन पर हमला कर दिया। रमाशंकर शर्मा के निधन की खबर शाम को जैसी ही क्षेत्र के लोगों को लगी माहौल गमगीन हो गया था। उनके घर और अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
आरोपी का दिमागी संतुलन नहीं है ठीक
बताया जा रहा है कि हत्या करने वाले आरोपी का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। उसकी हरकतों के चलते कुछ समय पहले परिवार भी उसे छोड़कर चला गया है। आरोपी अकेला रहता है। वहीं जानकारी सामने आई कि आरोपी को दिवंगत प्राचार्य ने पढ़ाया भी था। आरोपी घर के बाहर बैठा रहता है और क्षेत्र से गुजरने वाले हर किसी को डंडा लेकर मारने के लिये दौड़ता है। एएसपी आलोक शर्मा के अनुसार आरोपी का दिमागी संतुलन ठीक है या नहीं इसकी मेडिकल जांच कराई जायेगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment