उज्जैन। उज्जैन-आगर मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार रात ट्रेक्टर-ट्राली और मिनी बस के बीच टक्कर हो गई थी। ट्रेक्टर-ट्राली पलटने पर चालक की दबने से मौत हो गई थी। आक्रोशित लोगों ने मिनी बस में आग लगा दी थी। पुलिस ने मामले में आगजनी का प्रकरण दर्ज करने साथ बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने केस दर्ज किया है।
घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम तुलाहेड़ा में दिल्ली पासिंग मिनी बस क्रमांक डीएल 01 वीसी 5919 ने आगे चल रही गेहूं से भरी ट्रेक्टर-ट्राली को पीछे से टक्कर मार दी थी। ट्रेक्टर-ट्राली सड़क से नीचे उतरने के बाद पलट गई। ट्रेक्टर चला रहा युवक विजय पिता रामचंद्र सोलंकी निवासी ब्राह्मणखेड़ा दब गया था और ट्राली पर बैठा राजेश पिता बद्रीलाल शर्मा घायल हो गया था। दुर्घटना की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो मौके पर पहुंचे। ट्रेक्टर के नीचे दबे विजय की मौत हो चुकी थी, गुस्से में कुछ लोगों ने मिनी बस में आ लगा दी। कुछ देर में बस पूरी तरह लपटों से घिर गई। घटनाक्रम की जानकारी लगते ही घट्टिया, राघवी और पानबिहार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मिनी बस की आग पर फायर बिग्रेड ने पहुंचकर काबू पाया। दुर्घटना में ट्रेक्टर चालक की मौत के साथ उसका साथी राजेश, बस चालक शिवकुमार, यात्री धर्मेन्द्र और बॉबी के साथ 2 बच्चे घायल थे। जिन्हे रात में ही चरक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से धर्मेन्द्र और बॉबी की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल ले जाया गया। बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया। चालक और मृतक के साथी का चरक अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि दुर्घटना में युवक की मौत होने पर मर्ग कायम करने के साथ मिनी बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं बस में आग लगाने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ आगजनी का प्रकरण बस मालिक निवासी दिल्ली की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
ग्रामीणों का तुलाहेड़ा टोल पर चक्काजाम
दुर्घटना के बाद तुलाहेड़ा टोल पर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। पानबिहार चौकी प्रभारी जयंत डामोर ने बताया कि ग्रामीणों का कहना था कि ट्रेक्टर-ट्राली पलटने और उसके नीचे चालक के दबे होने की सूचना टोल प्लाजा को दी गई थी। लेकिन वहां से क्रेन काफी देर में पहुंची। के्रन के आने पर उसमें पट्टा नहीं था, जिसके चलते ट्रेक्टर के नीचे से चालक को निकालने में देरी हुई। पट्टा मंगवाया गया, वह भी टूट गया। ग्रामीणों की मांग थी कि क्रेन चालक और उससे जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जाये। थाना प्रभारी खोवाल ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और जाम खुलवाया। शनिवार को एक पत्र क्रेन से जुड़े कर्मचारियों की लापरवाही के मामले में टोल प्लाजा अधिकारियों को जारी किया गया है।
बस में सवार थे दिल्ली के 22 यात्री
बताया जा रहा है कि मिनी बस में दिल्ली के 22 यात्री सवार थे, जिसमें बच्चे, महिला और पुरूष शामिल थे, सभी महाकाल दर्शन करने उज्जैन आ रहे थे। ट्रेक्टर-ट्राली गेहूं भरकर ग्राम ब्राह्मणखेड़ा से अजान मंडी के लिये उज्जैन जा रही थी। गनीमत रही दुर्घटना के बाद बस में सवार सभी यात्री उतर गये थे, आगजनी में कोई हताहत नहीं हुआ।
मिनी बस में आग लगाने वालों अज्ञात लोगों पर दर्ज हुआ प्रकरण ट्रेक्टर-ट्राली को मारी थी टक्कर, युवक की हुई थी मौत