उज्जैन।उज्जैन के माधव साइंस कॉलेज में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले को लेकर डॉ. अंबेडकर विद्यार्थी संगठन ने गुरुवार को कॉलेज परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।संगठन ने टिप्पणी लिखने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और कॉलेज में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष राम सोलंकी ने बताया कि प्रदेश के ए++ ग्रेड महाविद्यालय होने के बावजूद किसी असामाजिक तत्व ने कॉलेज परिसर में बाबासाहेब के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द लिख दिए।राम सोलंकी के अनुसार, सुबह घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने प्राचार्य को अवगत कराया, लेकिन तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उस लिखावट को मिटा दिया गया। संगठन का दावा है कि उनके पास घटना से जुड़ा फोटो भी मौजूद है।संगठन ने मांग की है कि आपत्तिजनक टिप्पणी लिखने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कॉलेज से निष्कासित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। साथ ही, पूरे महाविद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग उठाई गई है, जिससे आरोपियों की पहचान आसानी से हो सके।इस मुद्दे को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए कॉलेज का गेट बंद कर दिया गया, जिससे छात्रों काआवागमन प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन संगठन के सदस्य दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
माधव कॉलेज में अंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी:छात्र संगठन ने की कार्रवाई की मांग, – CCTVलगाने की मांग