महिला बंदियों से मिली राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य -चरक भवन और वन स्टॉप सेंटर का किया भम्रण

उज्जैन। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य गुरूवार को उज्जैन पहुंची थी। उन्होने दोपहर में केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ पहुंचकर संगीन अपराधों में सजा काट रही 106 महिला बंदियों से मुलाकत की। 6 महिला बंदियों के बच्चों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या पर चर्चा की।
केन्द्रीय जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्या डॉ. अर्चना मजुमदार दोपहर में महिला बंदियों के वार्ड का भ्रमण करने पहुची थी। जेल में 106 महिला बंदी है, जिसमें 74 हत्या के आरोप में सजा काट रही है। अन्य संगीन मामलों में बंद है। सभी से डॉ. मजुमदार ने चर्चा की और उनके द्वारा किये गये अपराध के संबंध में पूछताछ की। वहीं 6 महिला बंदिनियों के बच्चों से चर्चा कर उनकी गतिविधियों को जाना। उन्होने महिला बंदिनियों के आवासीय क्षमता, भोजन, पेशी, अपील, उपचार के साथ प्रशिक्षण और विधिक सहायता के संबंध में जानकारी ली। करीब एक घंटे भ्रमण के दौरान रेन वॉटर स्टोरेज सिस्टम एवं रनिंग वाटर सिस्टम स्थापित करने, जेल में मनोचिकित्सक की नियुक्ति और 3 साल की सजा अवधि पूरी कर चुकी महिला बंदिनियों की समीक्षा कर प्रशासन को सूचित करने का सुझाव दिया गया। राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा जेल व्यवस्था को लेकर मध्यप्रदेश शासन को आवश्यक परामर्श दिये जाने की बात कहीं। इस अवसर पर जसमनसिंह डावर (उपअधीक्षक), नवीन कुमार नेमा (उप अधीक्षक), सुरेश गोयल (सहायक अधीक्षक), प्रवीण कुमार (सहा. अधीक्षक) एवं जेल स्टाफ उपस्थित रहा।
सिविल सर्जन के साथ चरक का किया निरीक्षण
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डॉ. मजुमदार सुबह चरक भवन पहुंची थी, उन्होने सिविल सर्जन डॉ. अजय दिवाकर के साथ प्रसूता महिलाओं के वार्ड का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। प्रसूता महिलाओं को किस प्रकार का आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, इसके बारे में स्टॉफ से पूछताछ की। चरक भवन से वन स्टॉप सेंटर पहुंची, जहां करीब आधा घंटा भ्रमण कर सेंटर की गतिविधियों पर चर्चा की।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment