उज्जैन
– 12 ज्योतिर्लिंगों में विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दरबार में महाशिवरात्रि का पर्व 15-16 फरवरी को मनाया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को बैठक आयोजित की गई है।
पुलिस कंट्रोल रूम पर एडीजी राकेश गुप्ता की मौजूदगी में महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के साथ दर्शन व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान डीआईजी नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, एएसपी गुरु प्रसाद पाराशर, आलोक शर्मा, सीएसपी स्तर के अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक के दौरान अनुमान लगाया गया कि महाशिवरात्रि पर्व पर देशभर के 10 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं। श्रद्धालुओं को बाबा के आसानी से दर्शन हो सके और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो इसको लेकर 1500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में 150 महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहेगी। वीआईपी दर्शन व्यवस्था के लिए 250 पुलिसकर्मियों को जिम्मा सौंपा जाएगा। मंदिर के आसपास मार्गों पर यातायात व्यवस्था ना बिगड़े इसकी जिम्मेदारी यातायात के पुलिस जवानों पर रहेगी। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 200 सीसीटीवी कैमरो के साथ पांच ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एआई प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। यातायात व्यवस्था की सबसे बड़ी समस्या को देखते हुए वाहन पार्किंग स्थल तैयार किया जा रहे हैं। मंदिर के आसपास और मार्गो पर व्यवस्था बनी रहे इसके लिए यातायात पुलिस लगातार निगरानी करेगी, भीड़ का दबाव बढ़ाते ही आने जाने वाले वाहनों का रूट बदलकर व्यवस्था संभाली जाएगी।
40 मिनट में दर्शन करने का लक्ष्य
पुलिस के साथ ही प्रशासन द्वारा भी महाशिवरात्रि की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। श्रद्धालुओं को 40 मिनट में दर्शन करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिए महाकाल लोक से मंदिर परिसर तक विशेष मार्ग प्रणाली लागू की जाएगी। श्रद्धालु आराम से बाबा के दर्शन कर सके इसको लेकर मंदिर परिसर के सभी स्थानों पर सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। भीड़ के दबाव से श्रद्धालुओं की तबीयत ना बिगड़े इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में मेडिकल हेल्थ पाइंट बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के पेयजल की व्यवस्था भी मंदिर समिति की ओर से की जा रही है वहीं दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को आसानी से दर्शन इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। महाशिवरात्रि को लेकर तैयारी अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। जिसे 13 फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा।