मंदसौर से डोडाचूरा बेचने बड़नगर आया था युवक -पुलिस ने किया गिरफ्तार, रिमांड पर पूछताछ

उज्जैन। नशामुक्ति अभियान में बड़नगर पुलिस ने मंदसौर के युवक को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से डोडाचूरा मिला। युवक बड़नगर कस्बे की फैक्ट्रियों में काम करने वाले पंजाबी लोगों को बेचने आया था।
बड़नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि सोमवार-मंगलवार रात सूचना मिली थी कि ग्राम मौलाना ब्रिज के पास यात्री प्रतिक्षालय के सामने बिना नम्बर की बाइक पर एक युवक आया हुआ है। उसके पास मादक पदार्थ है और वह किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना पर एसआई सुरेन्द्रसिंह गरवाल  की टीम को अलर्ट किया गया और प्रतिक्षालय के पास घेराबंदी की। लालरंग की शर्ट और काले पेेंट में एक युवक दिखाई दिया। जिसने पुलिस को देख बिना नम्बर की बाइक से भागने का प्रयास किया। टीम ने उसे पीछा कर पकड़ा। उसके पास से बेग जप्त कर पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम शिवराज पिता अर्जुनसिंह शक्तावत 21 साल ग्राम धाकड़ी थाना पिपलिया मंडी मंदसौर बताया। उसके बेग की तलाशी लेने पर उसमें डोडाचूरा भरा मिला, जो 3 किलो 125 ग्राम पाया गया। मामले में युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 का प्रकरण दर्ज किया गया। मंगलवार को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिये 3 दिनों की रिमांड पर लिया गया है। बरामद डोडाचूरा 32 हजार और बाइक 90 हजार कीमत की है।
आरोपी बोला पंजाबी लेने आते थे डोडाचूरा
बताया जा रहा है कि डोडाचूरा के साथ गिरफ्त में आये युवक ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि बड़नगर क्षेत्र की फैक्ट्रियों में बड़ी संख्या में पंजाबी लोग काम करते है। डोडाचूरा का सेवन उनके द्वारा किया जाता है। उन्हे ही बेचने आया था। प्रतिक्षालय के पास पंजाबी व्यक्ति आने वाला था। थाना प्रभारी के अनुसार युवक को डोडाचूरा उपलब्ध कराने और खरीदने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।
खाचरौद-तराना में मिले गांजा सप्लायर
अवैध मादक पदार्थ को लेकर 1 से 10 अप्रैल तक चलाये जा रहे अभियान में तराना थाना पुलिस ने अग्रवाल वेयर हाऊस के पास से 60 साल के मेहबूब  पिता याद अली निवासी बड़ा बाजार कायथा को 425 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी रामनारायणसिंह भदौरिया ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। गांजा 6 हजार रूपये कीमत का है। खाचरौद पुलिस ने अकबर पिता उमर 38 साल निवासी पुराने थाने के पास को गिरफ्तार कर 574 ग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ में अकबर ने कबूला कि वह गांजा अंकुश पिता शशी निवासी नरसिंग मंदिर से लेकर आया था। थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया के अनुसार अंकुश का नाम सामने आने पर उसे भी सह आरोपी बनाकर गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment