ब्रिज से उतरकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय की और पलटने वालों के कारण बन रहे बुरे हाल ओव्हर ब्रिज के फ्रीगंज छोर पर गुत्थमगुत्था हो रहे वाहन चालक -टावर चौक के मुहाने पर भी नगर सेवा एवं मैजिक वाहनों के खडे रहने से जाम के हाल

उज्जैन। नए एवं पुराने शहर को जोडने वाले फ्रीगंज रेलवे ओव्हर ब्रिज के विकास होने में अभी समय है। ऐसे में ब्रिज से आवागमन सुव्यवस्थित न होने से वाहन चालक ब्रिज के फ्रीगंज छोर के तिराहे पर गुत्थम गुत्था हो रहे हैं। दिन में कई बार इस कारण से जाम के हाल बन रहे हैं। यही हाल टावर चौक के मुहाने पर भी नगर  सेवा एवं मैजिक वाहनों के खडे रहने से पैदा हो रहे हैं।

नए एवं पुराने शहर को जोडने वाले फ्रीगंज ओव्हर ब्रिज का नया निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में नया ब्रिज गति से निर्माणाधीन है। ऐसे में पुराने ब्रिज से आवागमन बराबर जारी है। आवागमन की स्थिति में ब्रिज के पुराने शहर के चामुंडा चौराहा जाने वाले छोर पर तो सामान्य स्थिति रहती है लेकिन नए शहर के फ्रीगंज वाले छोर पर बराबर आवागमन की समस्या बन रही है। इससे बराबर आवागमन प्रभावित हो रहा है एवं वाहन चालक गुत्थम गुत्था हो रहे हैं।

पुरानी समस्या बरकरार –

फ्रीगंज ओव्हर ब्रिज पर पुराने समय से ही वाहन चालकों के रांग साईड आने के कारण समस्या बरकरार रही है। यातायात पुलिस ने उसके नियंत्रण के लिए ब्रिज के मध्य में स्टापर एवं बेरिकेडस भी लगाए थे,लेकिन सब बेकार रहा और वाहन चालक रांग साईड पर आते रहे। यहां तक की पुलिस ने रांग साईड आने वाले चालकों के वाहनों की हवा भी निकाली और चालान भी बनाए थे। वर्तमान में ब्रिज से सीधे आना-जाना हो रहा है। ऐसे में वाहन चालक ब्रिज से फ्रीगंज छोर की तरफ उतरते समय लोक निर्माण विभाग कार्यालय ,धन्नालाल की चाल एवं सनसाईन टावर वाले मार्ग की और पलटते हैं। ऐसे में फ्रीगंज से शहर की और जाने वाले वाहन चालकों से उनका सीधा सामना हो जाता है और वाहनों में गुत्थम गुत्था की स्थिति बन जाती है। यहां एक छोटी अस्थाई रोटरी एवं ब्रिज पर डिवाईडर बनाकर व्यवस्थित आवागमन किया जा सकता है। इससे वाहनों में गुत्थ्म गुत्था की स्थिति को भी दूर किया जा सकेगा।

खडे रहने वाले वाहनों को हटाया जाए-

टावर से फ्रीगंज ओव्हर ब्रिज की और आने वाले मार्ग पर तिराहे पर नगर सेवा के साथ ही मैजिक वाहन सवारियों के लिए यत्र तत्र अपने वाहन खडे कर रहे हैं। ऐसे में आवागमन के दौरान बराबर बाधा की स्थिति बन रही है। इन वाहनों को भी यहां से बराबर चलायमान रखने के लिए व्यवस्था हो तो यहां भी जाम के हालातों से छुटकारा मिलना संभव हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment