बाइक से आये थे बदमाश, कैमरों के फुटेज खंगाल रही पुलिस आंखों में मिर्ची झोंककर 2 किसानों से लूटे 1.50 लाख

उज्जैन। पशु बेचकर लौट रहे 2 किसानों के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। किसानों की आंखों में मिर्ची झोंकी गई थी। मामला कायथा थाना क्षेत्र का है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिये कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
कायथा थाना क्षेत्र के ग्राम नलेसरी में रहने वाले 2 किसान सतीश शाह और रामलाल मक्सी बाजार में पशु बेचने गये थे। जहां भैंस का सौदा कर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। रामपुरा मार्ग लक्ष्मीपुरा फंटा पर पीछे से बाइक पर सवार 2 बदमाश आये और उन्होने पहले किसानों की बाइक को टक्कर मारी। संतुलन बिगड़ने पर दोनों किसान गिर गये। बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने दोनों की आंखों में मिर्ची झोंकी और डेढ़ लाख रूपये नगद लूटकर भाग निकले। दिनदहाड़े किसानों के साथ हुई लूट का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग चुके थे। एसडीओपी भविष्य भास्कर ने बताया कि किसानों की शिकायत पर बदमाशों का सुराग तलाश जा रहा है। वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है।
मक्सी से पीछे लगे होने की आशंका
माना जा रहा है कि जिस तरह से बदमाशों ने किसानों के साथ आंखों में मिर्ची झोंककर लूट को अंजाम दिया है, बदमाश मक्सी से पीछे लगे होगें। पशु बाजार में उन्होने रैकी की होगी। सौदा करने के बाद लौटते समय उन्होने सूनसान रास्ता देखा और वारदात कर भाग निकले। बदमाश आसपास के रहने वाले हो सकते है। दोनों किसानों के साथ हुई लूट की वारदात के बाद ग्रामीणों और अन्य किसानों में भय का माहौल व्याप्त हो गया।
बदमाश किसानों को पहुंचा रहे नुकसान
कायथा में पिछले कुछ महिनों से बदमाशों द्वारा किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है। दिपावली के बाद कायथा थाना क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में नदी किनारे खेतों में पानी के लिये लगाई विद्युत मोटर चोरी की वारदातों को बदमाशों ने अंजाम दिया। कई किसानों की दर्जनों मोटर चोरी के मामले पुलिस के पास पहुंचे थे। लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल पाया था। अब जहां किसान मौसम की मार झेल रहा है, वहीं बदमाशों ने लूटपाट भी शुरू कर दी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment