राजगढ़-ब्यावरा। पुलिस लाइन राजगढ़ में पुलिस बल की दक्षता, अनुशासन एवं शारीरिक क्षमता को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से नियमित रूप से परेड का आयोजन किया जा रहा। इसी क्रम में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में एक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी जनरल परेड आयोजित की गई। जनरल परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित तोलानी ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। निरीक्षण के समय पुलिस बल द्वारा अनुशासित, समन्वित एवं आकर्षक ढंग से मार्च पास्ट एवं विभिन्न परेड अभ्यासों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, जो उनकी प्रशिक्षण क्षमता एवं टीम भावना का परिचायक रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड में उत्कृष्ट टर्न आउट एवं प्रदर्शन करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया। साथ ही उन्होंने पुलिस बल को अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे सहित विभिन्न अनुभागों के एसडीओपी उपस्थित रहे। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सुश्री उर्मिला चौहान तथा टू-आईसी सूबेदार इति शर्मा के नेतृत्व में मुख्यालय के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों से पुलिसकर्मी, थाना यातायात का स्टाफ, एमटी शाखा के वाहन एवं डॉग स्क्वाड के सदस्य उपस्थित रहे। परेड के उपरांत पुलिस वाहनों का निरीक्षण कर उनमें उपलब्ध बल्वा नियंत्रण सामग्री की भी विधिवत जांच की परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता, शारीरिक दक्षता तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता का विकास करना है, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक सुदृढ़ता सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित जनरल परेड, पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण