–
उज्जैन। मादक पदार्थ के अवैध कारोबार को लेकर चलाये जा रहे अभियान में बड़नगर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर 36.58 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। युवक रतलाम से लाकर बड़गर में बेचने का काम करता था। जिसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
बड़नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक युवक यात्री प्रतिक्षालय रूनिजा ब्रिज के पास खड़ा है। जिसके पास मादक पदार्थ है। तत्काल एसआई सुरेन्द्र गरवाल, प्रधान आरक्षक राहुलसिंह राठौर, हेमराज खरे, आरक्षक महेश मोर्य के साथ युवक को पकड़ने के लिये घेराबंदी की गई। पुलिस को देख युवक ने भागने का प्रयास किया, जिसे पीछा कर पकड़ा गया और तलाशी ली गई। उसके पास से प्लास्टिक की थैली में भरा भूरे रंग का मादक पदार्थ बरामद हो गया। जो एमडी ड्रग्स था, युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शेरू पिता इफ्तकार हुसैन 25 साल निवासी नटराज टॉकिज बड़नगर होना बताया। उसके पास से 1 लाख कीमत की 36.58 ग्राम ड्रग्स बरामद होने पर एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज किया गया। रविवार को न्यायालय में पेश कर 2 दिनों की रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह फर्नीचर बनाने का काम करता है और एमडी ड्रग्स रतलाम से लेकर आता है। उसे जीजा नामक व्यक्ति ड्रग्स उपलब्ध करता है। वह पूर्व में भी एक बार रतलाम से ड्रग्स ला चुका है, जिसे नशा करने वालों को बेचता है। थाना प्रभारी के अनुसार एमडी ड्रग्स उपलब्ध कराने वाले और खरीदने वालों की तलाश शुरू की गई है। एक टीम रतलाम भेजी जायेगी। संभावना है कि मादक पदार्थ के अवैध कारोबार से जुड़े कई लोगों की जानकारी सामने आ सकती है।
इधर पार्किंग में खड़े युवक के पास मिली ड्रग्स
मादक पदार्थ को लेकर चलाये जा रहे अभियान में नीलगंगा थाना पुलिस ने वजीर पार्क कालोनी में रहने वाले आमिर पिता शाहिद खान 27 साल को 15 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि वाकणकर ब्रिज के पास पार्किंग में खड़े युवक के पास मादक पदार्थ है। जिसे पकड़ने के लिये एसआई वेदप्रकाश साहू, आरक्षक पुष्पराजसिंह, अंकित चौहान और योगेश शर्मा को रवाना किया गया था। आमिर को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उससे जुड़े कुछ लोगों की जानकारी सामने आई है। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
अब तक 15 लाख का मादक पदार्थ जप्त
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर उज्जैन जिले में 1 से 10 अप्रैल तक अवैध मादक पदार्थ के कारोबार में लिफ्त लोगों की धरपकड़ का अभियान शुरू किया गया है। जिसके शुरूआती 5 दिनों में बड़नगर, भाटपचलाना, चिमनगंज, नीलगंगा पुलिस द्वारा 75 किलो केमिकल क्रिस्टल, 1.840 ग्राम गांजा और 37 ग्राम के लगभग एमडी ड्रग्स बरामद किया जा चुका है। जिसकी कीमत 15 लाख से अधिक है। चार थाना पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनसे रिमांड पर पूछताछ जारी है।
पुलिस गिरफ्त में आये युवक के पास मिली 36.58 ग्राम एमडी रतलाम से लाकर बड़नगर में ठिकाने लगाता था ड्रग्स