पिकअप से आये थे पांच बदमाश, 3 की तलाश में दबिश गरोठ हाईवे से गिरफ्त में आये टायर चोरी के 2 आरोपी

उज्जैन। पांड्याखेड़ी ब्रिज के पास खड़े ट्रक के 3 टायर चोरी करने वाले 2 बदमाशों को रविवार-सोमवार रात गरोठ हाइवे से हिरासत में लिया गया। दोनों पिकअप में 2 टायर बेचने की फिराक में निकले थे। दोनों के 3 साथी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
पंवासा थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई ने बताया कि 3-4 अप्रैल की रात पांड्याखेड़ी ब्रिज के पास डालडा मैदान में खड़े टाटा कंपनी के ट्रक क्रमांक एमपी 14 एलबी 2277 के तीन टायर चोरी होने का मामला सामने आया था। लाखों रूपये कीमत के टायर चोरी करने वालों की तलाश में सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गये और आसपास के गैरेजों, कबाड़े की दुकानों और खुले मैदानों की झाड़ियों में सर्चिंग की गई। कैमरों की मदद से पिकअप में बदमाशों के आने की जानकारी सामने आ गई। जिसका पता लगाने के लिये मुखबीर तंत्र को अलर्ट किया गया। रविवार-सोमवार रात पता चला कि बैरागी मोटर्स लिखी पिकअप क्रमांक एमपी 43 जी 2915 गरोठ हाईवे के सर्विस रोड पर खड़ी है। जिसमें 2 बड़े टायर रखे हुए है। संदेह के आधार पर पड़ताल के लिये एएसआई संतोष राव, सावित्री कटारा, सीताराम भूरिया, आरक्षक पंकज पाटीदार को रवाना किया गया। सर्विस रोड पहुंचते ही 2 युवकों ने पुलिस वाहन देख भागने का प्रयास किया। जिन्हे घेराबंदी कर पकड़ा गया और पिकअप को चैक किया। जिसमें 2 टायर रखे होना सामने आया। हिरासत में आये युवकों से पूछताछ करने पर उनके नाम मुकीम पिता मुमताज 23 साल और इरशाद पिता मुमताज 38 साल निवासी क्षत्री मोहल्ला, घोंसला, थाना राघवी सामने आये। दोनों टायर चोरी करना कबूल किया। पुलिस टीम द्वारा पिकअप को जप्त कर दोनों को थाने लाया गया, जहां गिरफ्तारी ली गई। दोनों को सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। जप्त टायर और पिकअप की कीमत 11.50 लाख सामने आई है।
साथियों के साथ मिलकर दिया अंजाम
एएसआई संतोष राव ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उन्होने रवि उर्फ बेगाना और 2 अन्य के साथ मिलकर टायर चोरी को अंजाम दिया था। वह टायर बेचने के लिये खिलचीपुर गरोठ हाईवे पर आये थे। चोरी में 3 साथियों के नाम सामने आने पर उनकी तलाश शुरू की गई है। एएसआई राव के अनुसार गिरफ्त में आये दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी राघवी थाना क्षेत्र में पशुक्रूरता अधिनियम के मामले दर्ज होना सामने आये है, दोनों आरोपी भाई है। एक टायर रवि उर्फ बेगाना की गिरफ्तारी होने पर बरामद किया जायेगा।
चालक ने दर्ज कराई थी चोरी की शिकायत
खड़े ट्रक के तीन टायर (डिस्क सहित) चोरी होने की शिकायत चालक असीम तिलकर निवासी किशनपुरा ने अपने मैनेजर योगेन्द्र चौधरी के साथ पंवासा थाने पहुंचकर दर्ज कराई थी और बताया था कि ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते है। ट्रक को रात में पंड्याखेड़ी के पास मैदान में खड़ा किया जाता है। सुबह  ट्रक बिना टायर के मिलने पर आसपास तलाश की, लेकिन नहीं मिले थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment