उज्जैन। पहाडों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी पडा है। इससे मैदानी इलाकों में भी तापमान गिरावट की और आ गया है। पहाडों पर बर्फबारी के बाद वहां से उठी ठंडी हवाओं ने मैदानी इलाकों को अपनी जद में लिया है। इससे रात के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट की स्थिति बन गई है। उज्जैन में रात का पारा एक बार फिर से 7.3 डिग्री सेंटीग्रेड पर आ गिरा है। दिन का तापमान भी 25.2 डिग्री पर आ गया है।
अब रात के बाद दिन में भी ठंड बरकरार है। ऐसे में दिन में भी आमजन को गर्म वस्त्रों का सहारा एवं टोप के साथ मफलर का सहारा लेते देखा जा रहा है। दिन में कुनकुनी धूप अब सुहावनी लगने लगी है। बीती रात को एक बार फिर से ठंडी हवाओं ने तापमान को गिरावट की और ला दिया। पिछले कुछ दिनों से तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ था जो गिरावट के साथ दर्ज किया गया।
7 दिन में 11 से फिर 7 पर आया-
सोमवार को न्यूनतम तापमान शासकीय जीवाजी वेधशाला में 11.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इसकी अपेक्षा शनिवार सुबह यह 7.3 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व करीब 9 दिन पहले 18 दिसंबर को यही तापमान दर्ज किया गया था। यही नहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट बनी हुई है। सोमवार को यह 27.2 डिग्री था जो शुक्रवार को 25 डिग्री तक गिरावट के साथ दर्ज किया गया था।
उत्तरायण के बाद आया अंतर-
वर्तमान में सूर्य उत्तरायण की और अग्रसर हो गया है। 22 दिसंबर से यह क्रिया शुरू हुई है। अब रात छोटी एवं दिन बडे होने की स्थिति धीरे-धीरे हो रही है। 22 दिसंबर से ही मौसम में एक बार फिर से ठंड गहराने की स्थिति बनी हुई है। रात के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट बन गई है।
