दोस्तों के साथ दर्शन करने आया था क्षिप्रा में डूबा युवक

उज्जैन। क्षिप्रा नदी से मंगलवार शाम युवक की लाश मिली हुई थी। जिसकी पहचान मंदसौर के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी के रूप में हुई। बुधवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। युवक 28 अप्रैल को दोस्तों के साथ दर्शन करने उज्जैन आया था। परिजनों ने लापता हुए दोस्तों पर शंका जताई है।
महाकाल थाना एएसआई अशोक गुप्ता ने बताया कि सिद्ध आश्रम के पास क्षिप्रा नदी से मंगलवार को एक युवक का शव मिला था। मृतक सिर्फ अंडरवियर पहने था। उसके पास से पहचान का कोई दस्तावेज नहीं मिला था। शव को अस्पताल पहुंचाने के बाद उसकी पहचान के प्रयास शुरू किये गये थे। तभी पता चला कि मंदसौर की सिद्धचक्र कालोनी में रहने वाला कपिल पिता सत्यप्रकाश गर्ग 40 वर्ष उज्जैन दोस्तों के साथ दर्शन करने आया था और वापस नहीं लौटा है। मंदसौर पुलिस को लाश मिलने की सूचना दी गई। गर्ग परिवार पहचान के लिये उज्जैन पहुंचा, उन्होने शव के फोटो देख कपिल के रूप में पहचान कर ली। पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि दोस्तों के साथ कार से दर्शन करने आया था। उसने उज्जैन पहुंचने के बाद पत्नी का कॉल किया था। उसके बाद उसकी जानकारी नहीं मिली। कपिल छह माह की बेटी का पिता था और ट्रांसपोर्ट का काम करता था। जीजा मनीष ने आरोप लगाया कि दोस्तों ने उसकी हत्या की है। कपिल की अंगूठी, चेन और कपड़े भी गायब है। उनके मोबाइल भी बंद आ रहे है। एएसआई गुप्ता के अनुसार मामले में मर्ग कायम किया गया है। दोस्तों का पता लगाकर उसने पूछताछ की जायेगी। प्रारंभिक रूप से कपिल की मौत डूबने से होना सामने आ रहा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment