दस दिन से सूने पड़े मकान में चोरी, सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी

सरंगपुर। लीमाचौहान थाना क्षेत्र के काचरियाभाई गांव में दस दिन से सूने पडे एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए बडी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोडकर भीतर घुसे और सोने-चांदी के आभूषण, एलइडी टीवी, महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित करीब 15 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हडकंप मच गया। पीडित दिनेश पिता शंकरलाल चौहान जो पेशे से बस कंडक्टर हैं ने लीमाचौहान थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि वे पिछले करीब दस दिनों से अपने परिवार के साथ सारंगपुर में रह रहे थे। काचरियाभाई गांव स्थित मकान में ताला लगा हुआ था और घर पूरी तरह सूना पडा था। दिनेश चौहान के अनुसार शुक्रवार को पाड़ल्यामाता निवासी अरविंद सीकरवार ने फोन कर सूचना दी कि उनका घर बिखरा हुआ पडा है। सूचना मिलते ही जब वे गांव पहुंचे तो देखा कि मकान का मुख्य ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे में रखा गोदरेज खुला हुआ था और कपडे व अन्य सामान बिखरे पडे थे। जांच करने पर पता चला कि घर में रखा एलइडी टीवी, सोने-चांदी के आभूषण, 15 हजार रुपये नगद और जरूरी दस्तावेज गायब हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लीमाचौहान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और विवेचना की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि लंबे समय तक मकान खाली छोडते समय पडोसियों को सूचना दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment