चंद घंटो में खुलासा, 1 हिरासत में 2 की तलाश लिफ्ट मांगने के विवाद में हुई थी युवक की हत्या

उज्जैन। चाकू मारकर बुधवार-गुरूवार रात की गई युवक की हत्या लिफ्ट मांगने पर हुए विवाद में होना सामने आया है। मृतक ने आरोपी को लिफ्ट नहीं देने पर थप्पड़ मार दिया था। पुलिस ने चंद घंटों में मामले का खुलासा करते हुए 1 आरोपी को हिरासत में ले लिया है। 2 की तलाश जारी है।
चिमनगंज थाना पुलिस को गुरूवार सुबह खबर मिली थी कि आगररोड शराब दुकान से पहले एक युवक की लाश पड़ी है। थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। मामला हत्या का सामने आया, मृतक की जांघ और पैर पर चाकू के घाव थे। मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किये गये, उसी दौरान कुछ आॅटो चालकों ने बताया कि मृतक बेगमबाग कालोनी का रहने वाला आरिफ उर्फ भूरू पिता अब्दुल गफ्फार है। पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, भाई सिकंदर ने घटनास्थल पहुंचकर शिनाख्त की और बताया कि रात 9 बजे घर से निकला था, रातभर घर नहीं लौटा था। शराब पीने का आदी था। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर थाना प्रभारी ने एसआई लक्ष्मण उईके, लिबिन खेस, प्रधान आरक्षक महेश बैस, मनोज कटारिया, आरक्षक आनंद मिश्रा, संदीप, सुनील, दीपक और सैनिक चंदन की टीम गठित कर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। चार घंटे बाद पता चला कि आरोपियों में मोनू उर्फ दीपांशु पिता नारायण बुंदेला 22 साल शिवशक्तिनगर, लक्की पिता पिता हेमू 22 साल और रेहान पिता रफीक मंसूरी 20 साल निवासी गांधीनगर शामिल है। टीम द्वारा तीनों के घरों पर दबिश दी गई लेकिन फरार होना सामने आये। पुलिस ने मुखबीर तंत्र को अलर्ट किया। शाम होने से पहले पता चला कि मोनू उर्फ दीपांशु देवासरोड की ओर भाग रहा है। टीम ने पीछा किया और नागझिरी से उसे हिरासत में ले लिया। उसके दोनों साथी देर रात तक गिरफ्त में नहीं आ पाये थे। जिनकी तलाश जारी है।
मोनू बोला युवक ने मारा था थप्पड़
हिरासत में आये आरोपी मोनू से पूछताछ में सामने आया कि घटना रात डेढ़ से दो बजे के बीच की है। वह रेहान और लक्की के साथ बाइक से लौट रहा था। तभी रास्ते में युवक ने लिफ्ट मांगी। उन्होने लिफ्ट देने से मना किया तो युवक ने रेहान को थप्पड़ मार दिया। जिसको लेकर विवाद हुआ और रेहान ने चाकू से  हमला कर दिया। रात का समय होने पर भीड़भाड़ कम थी, वह उसे घायल हालत में छोड़कर भाग निकले थे। पुलिस ने मोनू के हिरासत में आने पर उससे बाइक भी बरामद की है। चाकू रेहान और लक्की के गिरफ्त में आने पर बरामद किया जायेगा।
लोगों ने समझा रास्ते में पड़ा है शराबी
घटनास्थल से कुछ दूरी पर शराब की दुकान है। आये दिन रात में यहां नशा अधिक होने पर सड़क किनारे और आसपास कई लोग पड़े रहे है। रात में हुई घटना के बाद सुबह तक कई लोग वाहनों से गुजरे, लेकिन लोगों ने समझा कि कोई शराबी पड़ा है। सुबह कुछ पैदल गुजरे लोगों ने खून फैला देखा तो हत्या की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि रात में हुई घटना के बाद भुरू ने खुद का बचाने के लिये दौड़ भी लगाई थी, जिसके चलते आसपास खून भी हुआ था। जांच के लिये घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची थी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment