उज्जैन में टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाने पर मारपीट, पटाखे फोड़ने पर हुआ विवाद, लाठी-डंडों से किया हमला, 10 लोग घायल

 

ब्रह्मास्त्र उज्जैन

उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया, जिसमें महिलाओं सहित दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना रविवार रात जीरो पॉइंट ब्रिज के पास राज रॉयल कॉलोनी की है।

जानकारी के अनुसार कॉलोनी के लोग भारतीय टीम की जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर वहीं रहने वाले दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
हथियार और डंडों से किया हमला- आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के करीब एक दर्जन लोग डंडे और हथियार लेकर पहुंचे और कॉलोनी के लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान कई लोगों के साथ मारपीट की गई, जिसमें महिलाएं भी घायल हुई हैं।

घटना में रविंद्र हाड़ा, दृष्टि हाड़ा, मनीष मेहरले, अनिता मेहरले, विमला मालवीय, लैला सिंह हाड़ा, मानवेन्द्र सिंह हाड़ा और विशाल मालवीय घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष के शादाब खान, वाहिद खान और एक महिला के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
चिमनगंज थाने पहुंचे घायल मनीष मेहेरेले और रविंद्र हाड़ा ने आरोप लगाया कि वे घर के बाहर बैठकर भारत की जीत का जश्न देख रहे थे। उसी दौरान कुछ लोग पटाखे फोड़ रहे थे। उनका किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। इसी बीच कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक मारपीट शुरू कर दी। पीड़ितों का कहना है कि वे कुछ समझ पाते उससे पहले ही हमलावरों ने हथियारों से हमला कर दिया और उनकी बहन के हाथ में चाकू मार दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने मेडिकल कराने से पहले उन्हें करीब एक घंटे तक थाने में बैठाए रखा।
बताया जा रहा है कि टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाने के दौरान वहीं रहने वाले वाहिद खान के परिवार ने बच्चे के सोने का हवाला देते हुए पटाखे कहीं और जाकर फोड़ने को कहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से मारपीट और हथियार चलने लगे।
मारपीट का वीडियो आया सामने
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद घायल लोग चिमनगंज थाना पहुंचे। पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
भारत के टी-20 विश्व विजेता बनते ही लहरा उठा तिरंगा
धार्मिक नगरी में सुबह से छाई मस्ती शाम को आतिशबाजी में बदल गई। मौका था भारत के टी 20 विश्व विजेता बनने का। सुबह से दोपहर तक टावर चौक पर उड़ता रहा वही शाम को आतिशबाजी के साथ तिरंगा लहरा उठा।
रंगपंचमी के साथ रविवार को टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल का इंतजार भी देशवासियों के साथ शहर वासियों को था। फाइनल मुकाबले में भारत के सामने न्यूजीलैंड की टीम थी। शाम 7 बजे वर्ल्ड कप का फाइनल शुरू होने के आधे घंटे बाद ही भारत के विश्व विजेता बनने की उम्मीद परवान चढ़ने लगी थी। 20 ओवर का खेल पूरा होने पर क्रिकेट प्रेमियों के साथ ही शहरवासियो ने जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दी थी। जैसे ही 11 बजे और भारत की टीम 96 रनों से विश्व विजेता बनी धार्मिक नगरी की सड़कों पर युवा तिरंगा लेकर निकल पड़े। टावर चौक पर जश्न शुरू हुआ और आसमान आतिशबाजी से रंग दिखाई देने लगा। करीब 1 घंटे तक शहर की हर गली से पटाखे की गूंज सुनाई देती रही। कई युवा ढोल नगाड़ो के साथ निकल पड़े। दिन में छाई रंगों की मस्ती शाम को तिरंगे की शान में रंगी दिखाई दी। सुबह से दोपहर तक सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही पुलिस ने शाम को राहत की सांस ली थी लेकिन रात 10 बजे बाद फिर मैदान संभाल लिया था।भारत में बैक टू बैक दूसरा टी -20 विश्व कप जीता है जिसके चलते जश्न का माहौल भी दुगना हो गया था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment