उज्जैन में कल किसानों की ट्रैक्टर रैली: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के लिए लैंड पुलिंग पर नाराजगी
10 हजार किसानों के पहुंचने की संभावना, प्रशासन सतर्क
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और निर्माण कार्यों के लिए की जा रही लैंड पुलिंग (कृषि भूमि अधिग्रहण) को लेकर किसानों का विरोध तेज हो गया है। इसी के चलते भारतीय किसान संघ, जिला उज्जैन (मालवा प्रांत) ने मंगलवार, 16 सितंबर को बड़ी ट्रैक्टर रैली निकालने का ऐलान किया है।
इस रैली में करीब 10 हजार किसानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
किसानों की मुख्य मांगें
किसानों ने कृषि भूमि के स्थायी अधिग्रहण पर रोक समेत 15 सूत्रीय मांगें रखी हैं। संघ ने साफ कहा है कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं, तो गांव-शहर में दूध और सब्जी की सप्लाई बंद कर दी जाएगी।
रैली का रूट और कार्यक्रम
-
रैली सुबह 11 बजे सामाजिक न्याय परिसर से शुरू होगी।
-
आगर रोड, चामुंडा माता चौराहा, तरणताल होते हुए कोठी क्षेत्र स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी।
-
कलेक्टर कार्यालय पर सभा होगी और किसानों की मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बड़े किसान नेता होंगे शामिल
इस आंदोलन में संघ प्रचारक व भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र, प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना, प्रांत मंत्री भरत सिंह बेस समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
इंदौर में भी आंदोलन की तैयारी
प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने बताया कि सोमवार को पूरे प्रदेश में किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।
-
16 सितंबर – उज्जैन में ट्रैक्टर रैली
-
18 सितंबर – इंदौर में आंदोलन
इन आंदोलनों में उज्जैन और इंदौर की करीब 1 लाख बीघा जमीन की लैंड पुलिंग पर चर्चा और विरोध किया जाएगा।
17 गांवों के किसान आएंगे
इस रैली में सिंहस्थ क्षेत्र से जुड़े 17 गांवों के किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचेंगे। महिला और पुरुष किसान दोनों बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
