इंदौर में रंग लगाने की बात पर विवाद: दो पक्ष आपस में भिड़े

ब्रह्मास्त्र इंदौर

इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में रंग लगाने की बात को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के लोग घर से चाकू ले आए और दो युवकों पर चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस के अनुसार नगीन नगर निवासी सोहन तरेटिया और सोनू की शिकायत पर शुभम पुत्र अमरसिंह, उसकी पत्नी रितिका, दोस्त देवेंद्र विश्वकर्मा और अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बताया गया है कि रंगपंचमी के दौरान रंग लगाने की बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पक्ष के लोग घर से हथियार लेकर आए और सड़क पर ही दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप- पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में एक शराबी युवक की शिकायत लेकर रविवार रात थाने पहुंचीं महिलाओं ने पुलिसकर्मी पर ही अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। महिलाओं ने कहा कि आरोपी व्यक्ति क्षेत्र में आए दिन शराब पीकर छेड़छाड़ और अभद्रता करता है, लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं की जाती। जानकारी के अनुसार छत्रीबाग स्थित जगदीश मंदिर के पास रहने वाली मंजू, सुनीता, पूजा सहित अन्य महिलाएं संदीप दुबे नाम के व्यक्ति की शिकायत लेकर पंढरीनाथ थाने पहुंची थीं। महिलाओं का आरोप है कि दुबे शराब के नशे में अक्सर क्षेत्र में हंगामा करता है और महिलाओं से छेड़छाड़ व अभद्रता करता है।

आरोप-आरोपी पुलिसकर्मियों का परिचित- महिलाओं का कहना है कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मी सुल्तान ने उनकी बात सुनने के बजाय उनके साथ ही अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। काफी देर बाद पुलिसकर्मी ने महिलाओं का आवेदन लेकर उन्हें थाने से रवाना कर दिया।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment