ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र में बिचोली हाप्सी ब्रिज पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। केले से भरा आयशर वाहन हाईवे पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गया। टक्कर में आयशर चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आयशर वाहन राऊ की ओर से देवास की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बिचोली हाप्सी ब्रिज के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी तेज टक्कर हो गई। हादसे के समय ट्रक पर एक जेसीबी मशीन खड़ी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि आयशर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोग केबिन में फंस गए। हादसे में आयशर चालक रमेश उर्फ राजेश पुत्र फूलचंद गोयल निवासी बड़वानी और क्लीनर राजू उर्फ राजेश निवासी बोधवाड़ा, धार की मौके पर ही मौत हो गई।