ब्यावरा। राजगढ़ पुलिस की सायबर सेल द्वारा तकनीकी एवं समन्वित कार्यवाही करते हुए कुल 7.23 लाख रु की राशि पीड़ितों को वापस कराई। फर्जी स्टॉक मार्केट निवेश के नाम पर ठगी के फरियादी रामप्रसाद दांगी, निवासी ग्राम हालाहेड़ी, खिलचीपुर द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई कि अज्ञात आरोपियों ने फेसबुक एवं व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म का झांसा देकर अधिक लाभ का प्रलोभन दिया। आरोपियों द्वारा फरियादी से विभिन्न बैंक खातों में राशि जमा कराई गई एवं बाद में निकासी के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग की गई। थाना खिलचीपुर में अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। तकनीकी विश्लेषण एवं बैंक समन्वय के माध्यम से संदिग्ध खातों की पहचान कर न्यायालय के आदेशानुसार एक खाते से 6,92,607.60 रु की राशि डि-फ्रीज कराकर फरियादी को वापस दिलाई। वही टेलीग्राम के माध्यम से ट्रेडिंग फ्रॉड के फरियादी आयुष मेवाड़े द्वारा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई कि टेलीग्राम के माध्यम से ट्रेडिंग के नाम पर प्रलोभन देकर धोखाधड़ी की। कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों में 30,754.85 रु की राशि होल्ड कराई गई, जिसे न्यायालयीन आदेश उपरांत फरियादी को वापस कराया गया। सोशल मीडिया, टेलीग्राम, व्हाट्सएप पर प्राप्त निवेश प्रस्तावों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। अधिक लाभ के लालच में अज्ञात खातों में धनराशि जमा करने से बचें। जल्दी मुनाफाह्व संभावित धोखाधड़ी है। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में शिकायत दर्ज करें।