आज से माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेंडरी परीक्षा का श्रीगणेश संवेदनशील 10 परीक्षा केंद्रों पर अलग से प्रेक्षक नियुक्त -जिले में 77 केंद्रों पर 16463 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे

उज्जैन। मंगलवार से माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा 2025-26 का आगाज होने जा रहा है। इसके तहत जिले के कुल 77 परीक्षा केंद्रों में से संवेदनशील 10 केंद्रों पर निगरानी के लिए अलग से 10 प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा अपने निर्धारित समय 9 से 12 में आयोजित की जाएगी। हायर सेकेंडरी की परीक्षा की शुरूआत अंग्रेजी के प्रश्न-पत्र से होने जा रही है। जिले के 77 केंद्रों पर इस वर्ष 16463 विद्यार्थी हायर सेकेंडरी की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले हैं।माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाओं का दौर मंगलवार से शुरू होगा। इसके तहत जिले में 77 केंद्र परीक्षार्थियों के लिए बनाए गए हैं।जिले के घट्टिया विकासखंड से इस वर्ष एक भी प्रायवेट परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो रहा है।करीब 900 का स्टाफ लेगा परीक्षा-जिला शिक्षाधिकारी महेन्द्र खत्री के अनुसार जिले के 77 परीक्षा केंद्रों के लिए करीब 900 का स्टाफ परीक्षक एवं अन्य कार्य सहयोग के लिए लगाया गया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल के नियमों के अनुसार प्रति 20 परीक्षार्थियों पर एक परीक्षक को नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही 10 प्रतिशत रिजर्व दल भी बनाए गए हैं और केंद्राध्यक्ष को सहयोग के लिए भी शिक्षक दिए गए हैं।मंडल ने 12 केंद्रों पर लगाए जैमर-श्री खत्री बताते हैं कि जिले के कुल 77 परीक्षा केंद्रों में से 10 केंद्र संवेदनशील हैं। इन केंद्रों पर माध्यमिक शिक्षा मंडल की सीधी नजर रहेगी। इसके साथ ही दो अन्य केंद्रों पर भी नजर रहेगी। इस तरह से मंडल ने कुल 12 केंद्रों पर जैमर लगाए हैं। इन केंद्रों से मोबाईल एवं अन्य आनलाईन संचालन व्यवस्था पूरी तरह से बंधनकारी रहने वाली है। यहां से किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक्स उपकरणों का संचालन नहीं हो सकेगा।नकल पर रहेगी 10 दलों की नजर-परीक्षा में नकल की रोक के लिए कलेक्टर रोशनकुमारसिंह के अनुमोदन के साथ 10 दस्ते गठित किए गए हैं। इनमें से 4 दल जिला स्तर के रहेंगे एवं 6 दल विकासखंड स्तरीय हैं। प्रत्येक दल में 3 सदस्य शामिल किए गए हैं। दलों को वाहन भी निगरानी के लिए दिए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा की गतिविधि पर निगरानी रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर विकासखंडों में एसडीएम भी निरीक्षण कर सकेंगे।

जिले में कहां कितने केंद्र एवं परीक्षार्थी-

विकासखंड           केंद्र          परीक्षार्थी

घट्टिया                 05         685

खाचरौद             16           3012

बडनगर              10          2256

महिदपुर              10         1826

उज्जैन                26          7129

तराना                 10        1555

स्त्रोत-जिला शिक्षा विभाग,उज्जैन।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment