ओमान।होर्मुज स्ट्रेट में एक सुपर टैंकर दो समुद्री माइंस से टकरा गया। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक, टकराने के बाद टैंकर में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह रुक गया। ईरान ने जहाज का नाम और चालक दल की संख्या नहीं बताई है।
IRGC ने कहा कि टैंकर बिना अनुमति वाले समुद्री रास्ते से गुजर रहा था। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में अपने तय सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले दूसरे जहाजों को भी कार्रवाई की चेतावनी दी है।इस बीच अमेरिका ने करीब एक महीने बाद ईरान पर फिर सैन्य कार्रवाई की है। अमेरिकी सेना ने रविवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरान के लारक द्वीप पर दो रॉकेट लॉन्चर्स को निशाना बनाया।अमेरिका के मुताबिक, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के जवान होर्मुज स्ट्रेट में रॉकेट और समुद्री माइंस लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे। ईरानी मीडिया ने हमले में कई सैनिकों और नागरिकों के मारे जाने की बात कही है।