सिंहस्थ 2028 की धीमी तैयारियों पर योगी पीर महंत रामनाथ महाराज की चिंता: कहा— समय पर न हुए कार्य तो उज्जैन की छवि होगी प्रभावित

सिंहस्थ 2028 की धीमी तैयारियों पर योगी पीर महंत रामनाथ महाराज की चिंता: कहा— समय पर न हुए कार्य तो उज्जैन की छवि होगी प्रभावित

उज्जैन। भर्तृहरि गुफा के पीठाधीश्वर योगी पीर महंत रामनाथ महाराज ने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने अखिल भारतीय नाथ संप्रदाय की ओर से मुख्यमंत्री, सिंहस्थ मेला अधिकारी और जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर मांग की है कि सिंहस्थ महाकुंभ की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं।

महंत रामनाथ महाराज ने हाल ही में सिंहस्थ क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने पाया कि प्रमुख घाटों के निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुए हैं। इसके अलावा, आंतरिक सड़कों का चौड़ीकरण, स्थायी निर्माण कार्य, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज, आवासीय सुविधाएं और यात्रा प्रबंधन जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों में भी अपेक्षित प्रगति नहीं दिखी है।

उन्होंने कहा कि सिंहस्थ महाकुंभ एक विश्वस्तरीय धार्मिक आयोजन है, जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में अधूरी तैयारियां उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक छवि पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।

महंत रामनाथ महाराज ने प्रशासन से आग्रह किया कि सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यों की गति तेज की जाए, ताकि आने वाले दो वर्षों में सिंहस्थ की तैयारियां पूर्ण की जा सकें। उन्होंने कहा कि योजनाओं को समय रहते अमल में लाना अत्यंत आवश्यक है, अन्यथा अंतिम समय में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

📰 रिपोर्ट: Dainik Awantika Digital Desk
📍 स्थान: उज्जैन

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment