सारंगपुर। सारंगपुर में गुरुवार को नए साल के पहला दिन सुबह शहर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड उमड पड़ी। शहरवासियों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर नए साल की शुरूआत की। शहर के प्रसिद्ध कपिलेश्वर मंदिर, सारंगपुर स्थित तिलभांडेश्वर, सिद्धेश्वर, मां अंबे मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरो में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था और देवी-देवताओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया था।
मंदिरों में लोगों की लगी भीड़
श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल और अन्य देवी-देवताओं के दर्शन कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, साल की शुरूआत भगवान के दर्शन और पूजन से करने पर पूरा साल सुख-समृद्धि और शांति से व्यतीत होता है, इसी आस्था के चलते बडी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे थे।
नववर्ष के अवसर पर शिवालयों में विशेष अभिषेक और पूजन का आयोजन किया गया। भक्तों ने भगवान शिव को दूध, जल और बेलपत्र अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिरों में दान-पुण्य भी किया गया। मंदिरों के अलावा, शहर के पिकनिक स्थलों पर भी नववर्ष का उत्साह देखा गया। पाडल्या रोड स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर में भगवान के दर्शन कर नए साल का स्वागत किया।