। इंदौर।शहर में शादी के नाम पर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने खुद को दुल्हन बताकर युवक और उसके परिवार को झांसे में लिया। फर्जी वैवाहिक पंचनामा तैयार किया और लाखों के जेवर-नकदी लेकर फरार हो गई। मामले में जिला कोर्ट इंदौर ने गंभीरता दिखाते हुए पुलिस थाना एमआईजी से एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) तलब की है। हाईकोर्ट एडव्होकेट कृष्ण कुमार कुन्हारे ने बताया कि एमआईजी क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित ने बताया कि सागर निवासी आरती नाम की महिला ने 19 नवंबर 2019 को शादी का झांसा देकर उसे सागर बुलाया। यहां हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कराने के बजाय कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करवाकर वैवाहिक पंचनामा तैयार किया गया और इसे शादी का रूप दे दिया गया। इसके बाद महिला इंदौर आकर युवक के साथ रहने लगी। इस दौरान उसने चांदी की पायल, करधनी, बिछिया, सोने का मंगलसूत्र और करीब 40 हजार रुपए एफडी के नाम पर ले लिए। साथ ही घर में रखे करीब 30 हजार रुपए नकद भी गायब कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि महिला ने कभी भी सात फेरे, सिंदूर, मंगलसूत्र जैसी वैवाहिक रस्में पूरी नहीं कीं। हर बार बहाने बनाकर शारीरिक संबंध बनाने से भी बचती रही और बड़े समारोह में शादी करने की बात कहती रही। कोरोना लॉकडाउन के दौरान करीब 9 महीने तक साथ रहने के बाद 15 अगस्त 2020 को महिला अपने पिता के साथ सागर जाने का कहकर चली गई और फिर लौटकर नहीं आई। बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
शादी के नाम पर ठगी :फर्जी पंचनामा बनाकर साथ रही, गहने-नकदी लेकर फरार,कोर्ट ने एक्शन टेकन रिपोर्ट तलब की