उज्जैन ।शनिवार शाम सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि पत्नी और एक बच्चा घायल हो गए। घटना शनिवार शाम आगर नाका क्षेत्र में हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।परिवार शामगढ़ से उज्जैन स्थित अपने ससुराल आ रहा था। रमजान के चलते ईद से पहले परिजनों से मिलने के लिए वे शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे।नशे में वाहन चला रहा था चालक-शाम लगभग 7 बजे जब वे उज्जैन के आगर नाका क्षेत्र में पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि वाहन चालक नशे में था और टक्कर मारने के बाद बाइक सवारों को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ निकल गया।
हादसे में बाइक चला रहे मुकर्रम हुसैन (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए इंदौर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके बेटे हासिब हुसैन (11 वर्ष) की भी हादसे में मौत हो गई।घटना में मुकर्रम हुसैन की पत्नी और एक अन्य बच्चा भी घायल हुए हैं। उनका इलाज उज्जैन के अस्पताल में चल रहा है। मृतक मुकर्र के बड़े भाई आबिद हुसैन ने बताया कि उनका परिवार ससुराल मिलने आ रहा था, तभी यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।