मशहूर रैपर बादशाह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी पंजाबी अभिनेत्री इशा रिखी के साथ कथित शादी की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे फैंस के बीच हलचल मच गई है। हालांकि इन खबरों को लेकर अब तक दोनों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल तस्वीरों ने चर्चाओं को और हवा दे दी है।
बताया जा रहा है कि बादशाह और इशा रिखी ने एक निजी समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की है। सामने आई तस्वीरों में दोनों पारंपरिक परिधान में नजर आ रहे हैं और शादी की रस्में निभाते दिख रहे हैं। खास बात यह है कि इन तस्वीरों में दोनों के गले में वरमाला भी दिखाई दे रही है, जिसने इस पूरे मामले को और मजबूत कर दिया है।
इस कथित शादी की चर्चा तब और तेज हो गई, जब इशा रिखी की मां पूनम रिखी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने आशीर्वाद भरा संदेश भी लिखा, जिसे लोग इस रिश्ते की पुष्टि के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि परिवार की ओर से भी कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है, जिससे अभी भी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।
इशा रिखी पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरूआत मॉडलिंग से की थी और 2013 में फिल्म जट्ट बॉयज पुत जट्टन दे से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने हैप्पी गो लकी, मेरे यार कमीने और अरदास जैसी फिल्मों में काम किया। साल 2018 में उन्होंने बॉलीवुड फिल्म नवाबजादे से हिंदी सिनेमा में भी एंट्री की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादशाह और इशा की मुलाकात करीब चार साल पहले एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी। संगीत और फिल्मों को लेकर समान रुचि के कारण दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे उनका रिश्ता गहरा होता चला गया। हालांकि बादशाह ने हमेशा अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखा है और अपने रिश्तों को लेकर खुलकर बात नहीं की है।
गौरतलब है कि बादशाह का पहले अपनी पत्नी जैस्मिन मसीह से तलाक हो चुका है। इसके बाद से ही उनकी निजी जिंदगी को लेकर समय-समय पर अटकलें लगती रही हैं। अब इन वायरल तस्वीरों के सामने आने के बाद एक बार फिर उनकी पर्सनल लाइफ चर्चा का विषय बन गई है।
फिलहाल, इस पूरे मामले में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। फैंस बेसब्री से यह जानना चाहते हैं कि क्या वाकई बादशाह और इशा रिखी ने शादी कर ली है या फिर ये तस्वीरें किसी अन्य कार्यक्रम से जुड़ी हैं। जब तक दोनों की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आता, तब तक यह खबर अटकलों और चचार्ओं के दायरे में ही बनी हुई है।