रिजल्ट को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन

परिणाम में त्रुटियों का आरोप, आंदोलन की दी चेतावनी, 7 दिन में री-चेकिंग का आश्वासन

ब्रह्मास्त्र इंदौर

इंदौर में एनएसयूआई ने देवी अहिल्या बाई विश्व विद्यालय में बीएड प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम में अनियमितता का आरोप लगाया है। इसके चलते छात्रों ने प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर परिणाम में हुई त्रुटियों को तत्काल सुधारने की मांग की है।

एनएसयूआई का आरोप है कि घोषित परीक्षा परिणाम में गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ अन्याय हुआ है। संगठन ने यह भी दावा किया कि इस मामले में शिक्षा माफियाओं और विश्वविद्यालय प्रशासन की मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉपियों की दोबारा जांच (री-चेकिंग) कराने और संशोधित परिणाम पुन: घोषित करने की मांग की। दबाव बढ़ने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने 7 दिनों के भीतर उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कर संशोधित परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया है।
प्रदर्शन में शुभम ठाकुर, मोहित जाट, देव चौहान, परम सोनकर, कुनाल सुनहरे, रुद्र सिंह चौहान, सागर बरेठा, छोटू यादव, सौम्य चौधरी सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में निष्पक्ष जांच और सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment