–उज्जैन। जातिगत मामलों के लिए अक्सर चर्चाओं में आने वाले आगर-मालवा जिले के ग्राम फतेहपुर मेंढकी ने सामाजिक समरसता की ऐसी मिसाल पेश की है जिसकी चारों और चर्चा है। ग्रामीणों ने जाति की सीमाओं से ऊपर उठकर इंसानियत को सबसे बड़ा धर्म होने का संदेश दिया। गांव में एक ही दिन ब्राह्मण समाज के सत्यनारायण शर्मा और अनुसूचित जाति वर्ग के नारायण मालवीय के निधन के बाद ग्रामीणों ने दोनों की अंतिम यात्राएं अलग-अलग निकालने के बजाय एक साथ डोल बाजे के साथ निकालने का निर्णय लिया। दोनों का अंतिम संस्कार भी एक ही श्मसान में किया गया । पूरा गांव इसमें भागीदार बना और बुजूर्गों को अंतिम विदाई दी गई।ग्राम फतेहपुर मेंढकी निवासी सत्यनारायण शर्मा 67 वर्ष का लंबी बीमारी के बाद सोमवार सुबह निधन हो गया। परिवार और समाजजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे ही थे कि कुछ ही समय बाद गांव के नारायण मालवीय 65 वर्ष का हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। एक के बाद एक हुई दो मौतों से गांव में शोक की लहर छा गई। दोनों परिवारों में मातम का माहौल था।
वरिष्ठों की सहमति से हुआ सब-इसी बीच ग्रामीणों ने ऐसा निर्णय लिया, जिसने पूरे घटनाक्रम को सामाजिक समरसता की मिसाल बना दिया। युवाओं ओर वरिष्ठजनों के बीच हुई आपसी चर्चा के बाद दोनों की अंतिम यात्रा एक साथ निकालने का निर्णय लिया। इसके बाद दोनों अर्थियों को एक साथ सजाकर अंतिम यात्रा निकाली गई। गांव के श्मसान पर दोनों को एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
माकडौन से बैंड बाजा बुलाए-अंतिम यात्रा के लिए समीपवर्ती उज्जैन जिले के माकड़ौन कस्बे से बैंड-बाजे बुलाए गए। बैंड बाजा आने के उपरांत दोनों ही मृतकों के घरों से बैंड बाजों के साथ अंतिम यात्रा की शुरूआत हुई। गांव में कुछ दूरी के मुहाने पर दोनों अंतिम यात्रा एक साथ हो गई। पीछे-पीछे पूरा गांव चल रहा था।
ब्राह्मण समाज बाहुल्य फतेहपुर मेंढकी की यह पहल केवल दो अर्थियों की संयुक्त अंतिम यात्रा तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दे गई। फतेहपुर मेंढकी की गलियों से एक साथ निकली दोनों अर्थियां पीछे एक ऐसा संदेश छोड़ गईं कि अंतिम यात्रा भले ही दो लोगों की थी, लेकिन साथ चल रहा पूरा गांव सामाजिक एकता और इंसानियत की यात्रा का साक्षी बन गया।
किर्तीमान रचने का काम किया- विधायक-आगर विधायक मधु गेहलोत ने कहा कि आगर विधानसभा हमेशा एक कीर्तिमान रचने का काम करती है। एक व्यक्ति सामान्य वर्ग से आता है और एक व्यक्ति एससी वर्ग से आता है। ये मेरे विधानसभा के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि दोनों को एक साथ एक श्मशान में ले जाकर अंतिम संस्कार किया जाता है।इस सामाजिक समरसता के लिए मैं सभी मेरे आशीर्वाद दाता और पूरी आगर विधानसभा और फतेहपुर के सभी लोगों को धन्यवाद देता हूँ कि ऐसी मिसाल पेश करके एक भारत में, मध्य प्रदेश में और आगर विधानसभा में कीर्तिमान रचने का आपने काम किया।
इससे हिंदुत्व को बल मिलेगा- जिलाध्यक्ष-भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने कहा कि हमारे ग्राम फतेहपुर मेनकी में सामाजिक समरसता का बहुत बड़ा उदाहरण देखने को मिला। ग्रामीण जनों ने तय किया कि दोनों की अंतिम यात्रा एक साथ पूरे गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। फतेहपुर मेंढकी में सामाजिक समरसता का एक बहुत बड़ा उदाहरण हमारे लिए पेश किया है। इस उदाहरण से हमारे हिंदुत्व को बल मिलेगा। हमारी सनातन सभ्यता को ताकत मिलेगी।