ब्रह्मास्त्र कानपुर
फेसबुक, इंस्टाग्राम के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग बनकर शातिरों ने कानपुर के रिटायर्ड टीचर से 1.57 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को मार्क जुकरबर्ग बताते हुए उनसे सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया और कानपुर में स्कूल का बिजनेस करने का झांसा देकर 25 जनवरी 2025 से 20 फरवरी 2026 तक विभिन्न खातों में रकम जमा कराई।
मार्क जुकरबर्ग के बाद अमेरिकी गायक जॉर्श टर्नर और टेस्ला कंपनी के मालिक एलन मस्क का सहयोगी बताकर ठगों ने संपर्क किया। रिटायर्ड टीचर ने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने रकम बढ़कर 2.23 करोड़ देने को कहा। टैक्स, वेरिफिकेशन और स्टांप ड्यूटी के नाम पर पैसे जमा कराए। रिटायर्ड टीचर ने सोमवार को कानपुर के साइबर क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर कराई है।
कैंट के मेथाडिस्ट स्कूल से रिटायर्ड हैं टीचर- चकेरी के आनंद नगर निवासी एलिसन वीम्स कैंट स्थित मेथाडिस्ट हाई स्कूल से रिटायर्ड हैं। उनकी पहचान फेसबुक पर एक व्यक्ति से हुई, जिसमें युवक ने खुद को मार्क जुकरबर्ग बताया और चैटिंग शुरू की। उनको विश्वास में लेकर कानपुर में स्कूल का बिजनेस करने की बात कही। मार्क जुकरबर्ग के बाद उनका संपर्क फेसबुक और वॉट्सऐप के जरिए दूसरे युवक से हुआ, जिसने खुद को अमेरिकी गायक जॉश टर्नर बताया। उसने खुद को एलन मस्क का सहयोगी भी बताया। इसके बाद उसने भी स्कूल खोलने और उसमें नौकरी देने का आश्वासन दिया।