उज्जैन। महिर्षि सांदिपनी वेद विद्या प्रतिष्ठान के आवासीय विद्यालय में अत्याचार की चरम सीमा और पाशविकता का विडियो सामने आया है। इस विडियो में बच्चा तिलमिलाता जा रहा है और बेरहम अध्यापक बेंत से उसे पीटता जा रहा है। इस दौरान वहां बैठे कुछ लोग मुस्कुरा रहे हैं जबकि उन्हें अध्यापक को ऐसा करने से रोकना चाहिए था। सीधे तौर पर इस दौरान बाल संरक्षण कानूनों को सीधी चुनौती दी जा रही थी। इस पूरे मामले का विडियो वायरल हो रहा है।
करीब 51 सेकेंड के विडियो का दृश्य कार्यालय का है। इसमें अध्यापक बेंत से मारने के दौरान किसी के बिस्तर पर क्यों सोते हो बोल कर मार रहा है। इसके बाद दुसरे के बिस्तर पर क्यों सोते हो बोलते हुए मार रहा है। विडियो में एक के बाद एक बेंत उसे अध्यापक मारते जा रहा है। विडियो में साफतौर पर सामने आ रहा है कि इस दौरान बच्चा एक –एक बेंत की मार से बूरी तरह से तिलमिला रहा है । इस दौरान करीब 10 बेंत बच्चे पर पूरे जोर से प्रहार की गई विडियो में सामने आ रही है। इस दौरान विडियो में वहां बैठे कुछ अध्यापक भी दिखाई दे रहे हैं जो बच्चे को छुडाने की बजाय इस पूरे घटनाक्रम को धृतराष्ट्र की तरह देख रहे हैं। विडियों में बच्चे के साथ मारपीट करने वाले अध्यापक की पहचान प्रतिष्ठान से जुडे सूत्रों ने सामवेद के शिक्षक दत्तदास शेवडे के रूप में की है।
रात 10 बजे के लगभग की मारपीट-
विडियो 15 मार्च का होना सामने आ रहा है। लगभग रात 10 बजे का यह घटनाक्रम विडियो का रिकार्ड बता रहा है। अध्यापक के मारपीट के दौरान दुसरे अध्यापक ने इसका विडियो बनाया और अवसर पाते ही उसे वायरल कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार बच्चा इस दौरान आवासीय विद्यालय में सो चुका था उसे उठाकर बुलवाया गया और उसके बाद उसके साथ मारपीट की गई ।
मोबाईल उठाया नाम सूनते ही काटा-
बच्चे से मारपीट के इस मामले में शिक्षक शेवडे से उनके मोबाईल नंबर पर दैनिक अवंतिका ने संपर्क किया था। शेवडे ने इस दौरान काल पिकअप किया। जैसे ही उन्हें बताया गया कि दैनिक अवंतिका से बोल रहे हैं अत्याचारी शिक्षक ने संपर्क विच्छेद कर दिया और मोबाईल बंद कर लिया। इस मामले में प्रतिष्ठान के सचिव वीरूपाक्ष जद्दीपाल से उनके मोबाईल नंबरों पर संपर्क करने पर उनके तीनों नंबर पर नो रिप्लाय होता रहा।