उज्जैन। चारधाम मंदिर के महामंडलेश्वर पर शोषण का झूठा केस दर्ज कराने की साजिश रचने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने साजिशकर्ता की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस इंदौर तक पहुंची लेकिन वह फरार होना सामने आये।
महाकाल थाना पुलिस को 8 मार्च को बनारस की रहने वाली महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि मंदाकिनीपुरी और घनश्याम पटेल द्वारा उसे जान से मारने की धमकी देकर चारधाम मंदिर के महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद के खिलाफ झूठा शोषण का प्रकरण दर्ज कराने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होने पहले 50 हजार का का लालच भी दिया था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मंदाकिनीपुरी और घनश्याम पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 49, 61 (2), 232 (1), 351 (3), 296 (बी), 3 (5) में प्रकरण दर्ज किया था। थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है। मंदाकिनीपुरी के गढ़कालिका स्थित आश्रम पर दबिश दी गई, वहीं घनश्याम पटेल की तलाश में एक टीम इंदौर भेजी गई, लेकिन दोनों फरार होना सामने आये। दोनों के हिरासत में आने पर मामले से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते है।
न्यायालय ने निरस्त की अग्रिम जमानत
बनारस की महिला द्वारा प्रकरण दर्ज कराये जाने के बाद बुधवार को आरोपी बनाये गये घनश्याम पटेल ने सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी। इस दौरान महामंडलेश्वर की ओर से एडवोकेट वीरेन्द्र शर्मा द्वारा पैरवी की गई, उन्होने न्यायालय के सामने तर्क रखा कि संत समाज की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से आरोपी ने कृत्य किया है। आरोपी के विभिन्न अपराधिक रिकार्ड भी है। इसलिये जमानत नहीं दी जाये। एडवोकेट के तर्काे से सहमत होकर न्यायालय ने आरोपित की अग्रिम जमानत निरस्त कर दी।
2 साल पहले गिरफ्त में आई थी मंदाकिनी
महामंडलेश्वर के खिलाफ साजिश रचने में शामिल मंदाकिनीपुरी खुद को सन्यासी बताकर साधु संतों से कुछ सालों पहले संपर्क किया था। वर्ष 2016 में मंदाकिनीपुरी उर्फ ममता जोशी को निरंजनी अखाड़े में पटाभिषेक कर महामंडलेश्वर बना दिया था। लेकिन उसके बाद मंदाकिनी ने कई संतों को महामंडलेश्वर बनाने के नाम पर ठगी कर ली थी। उसके खिलाफ महाकाल और चिमनगंज थाने में प्रकरण दर्ज किये गये थे। 2 साल पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था। जिसके बाद उसे महामंडलेश्वर पद से बर्खास्त कर दिया गया था।
महामंडलेश्वर के खिलाफ साजिश रचने वाले की तलाश दबिश -बनारस की महिला से दर्ज कराना चाहते थे शोषण का झूठा केस