उज्जैन। शादी में शामिल होकर लौट रहे पुत्र और मां को बुधवार-गुरूवार रात बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर लूट लिया। बदमाश 4 लाख के लगभग चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए है। हमले में घायल पुत्र और मां को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मामला नागदा तहसील के बिरलाग्राम थाना क्षेत्र से सामने आया है। ग्राम गिदवानिया में रहने वाली पन्नाबाई गुर्जर 50 साल अपने पुत्र राहुल गुर्जर 30 साल के साथ खाचरौद के ग्राम बरखेड़ा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। जहां से देर रात दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम खुरमंडी और गिदवानिया के बीच बाइक से आये 3 बदमाशों ने उन्हे रोक लिया और चाकू से हमला कर पन्नाबाई से चांदी के कड़े और वजनी कंदौरा लूट लिया। बदमाशों ने राहुल पर भी चाकू से वार किये थे। घटनाक्रम के बाद लोगों की मदद से घायल पुत्र और मां को उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मां पन्नाबाई की हालत गंभीर होने पर उन्हे उपचार के लिये उज्जैन रैफर किया गया। राहुल का उपचार नागदा में चल रहा है। लूट की वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल राहुल के बयान दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे है। बदमाशों के नागदा-खाचरौद के आसपास के होने की आशंका जताई गई है। गौरतलब हो कि सोने-चांदी के भावों में आई तेजी के बाद बदमाशों के निशाने भी आभूषण है। पिछले दिनों इंगोरिया, घट्टिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में चोरी की वारदात होना सामने आई है। जिसमें बदमाश मंदिरों में भगवान की प्रतिमा के आभूषणों के साथ मंदिरों में लगे चांदी के छत्र चुराकर ले गये है। माकडोन और तराना के कुछ घरों में चोरी की वारदात हुई है। उसमें भी सोने-चांदी के आभूषण चोरी होना सामने आया है।
बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर लूटे चांदी के आभूषण -पुत्र के साथ शादी से लौट रही वृद्धा को मारे चाकू