बयानों में उलझी पुलिस, छह मार्गो के देखे सीसीटीवी कैमरे हेलमेट लगाकर आये बदमाशों ने वृद्धा के निकाले टॉप्स

उज्जैन। घर से टहलने निकली वृद्धा के साथ ठगी की वारदात हो गई। एक बदमाश हेलमेट लगाकर आया था, दूसरा बिना हेलमेट के था। दोनों ने बातों में उलझाकर डेढ़ तोला वजनी सोने के टॉप्स निकाल लिये। पुलिस वृद्धा के बयानों में उलझी हुई है और बदमाशों का पता लगाने के लिये सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
ढांचा भवन में रहने वाले समाजसेवी गोपाल बागरवाल की पत्नी राजूदेवी 60 साल शुक्रवार शाम टहलने निकली थी। ढांचा भवन मार्ग जीरो पाइंट के पास एक बदमाश ने उन्हे रोका और कान के डॉक्टर का पता पूछा। तभी दूसरा बदमाश बाइक से हेलमेट लगाकर आया। दोनों ने पीने का पानी भी मांगा और कहा कि तुम्हारे बेटे पर घात है। वृद्धा उनकी बातों में उलझ गई दोनों को जानकार समझ बाते करने लगी। तभी बदमाशों ने कहा कि जगह ठीक नहीं है बदमाशों का क्षेत्र है, कान के टॉप्स उतारकर रख लो। राजूदेवी ने एक कान का टॉप्स निकाला, दूसरा बदमाश से निकलवाया। एक बदमाश ने टॉप्स लिये और कहा कि कुछ कदम चलो हनुमान के दर्शन होगें। बेटे से घात उतर जायेगी। राजूदेवी ने टॉप्स दे दिये, तभी बाइक से हेमलमेट लगाकर आये बदमाश के साथ उसका साथी बैठकर भाग निकला। वारदात का मामला देवासगेट थाना पुलिस ने दर्ज किया है। बदमाशों की तलाश में सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है। लेकिन शनिवार शाम तक बदमाशों का पता नहीं चल पाया था।
चिमनगंज पुलिस को बताया मिठाई खिलाई
राजूदेवी के साथ हुई ठगी की वारदात के बाद उन्होने परिवार को जानकारी दी। परिजन चिमनगंज थाने पहुंचे, जहां राजूदेवी ने बताया कि 2 बदमाश आये थे उन्होने पानी मांगा, उसके बाद मिठाई खिलाई, जिसके चलते वह सुध-बुध खो बैठी थी। चिमनगंज थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया टीम के साथ वारदातस्थल पहुंचे, जो देवासगेट थाना क्षेत्र का होना सामने आया। परिवार को देवासगेट थाने भेजा गया, जहां राजूदेवी ने मिठाई खिलाने की बात नहीं बताई और कहा कि डॉक्टर का पता पूछकर कहा कि आगे क्षेत्र अच्छा नहीं है, लूट हो सकती है, कान के टॉप्स उतारकर रख लो। वृद्धा के बयान से पुलिस उलझ गई। वह हर बार अलग-अलग घटनाक्रम बता रही थी।
वृद्धा के साथ पूर्व में 2 बार हो चुकी है वारदात
बताया जा रहा है कि राजूदेवी के साथ पूर्व में 2 बार ऐसी वारदात हो चुकी है। पहली वारदात नगरकोट के पास हुई थी। उस दौरान बदमाश पैंडल लगा मंगलूसत्र निकलवा कर ले गये थे। वहीं दूसरी वारदात रिश्तेदारी में जाते समय ट्रेन में हुई थी। उस वक्त बदमाशों ने रानी हार निकलवा लिया था। यहीं नहीं समाजसेवी गोपाल बागरवाल ने चर्चा में बताया कि उनकी बेटी के साथ भी पूर्व में जीरो पाइंट ब्रिज के पास चैन स्नेचिंग हो चुकी है।
इनका कहना
वृद्ध महिला के बयान अलग-अलग सामने आ रहे है। मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है। अब तक छह मार्गो पर लगे कैमरे देखे जा चुके है। किसी में भी बदमाशों का मूवमेंट नजर नहीं आया है। जल्द वारदात का पता लगाकर खुलासा करने का प्रयास किया जायेगा।
अनिला पाराशर, टीआई थाना देवासगेट

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment