इंदौर।इंदौर की एमआईजी पुलिस ने फर्जी सिम बेचने और सप्लाई करने के मामले में 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। गृह मंत्रालय से मिले निर्देशों के बाद इंदौर क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जांच के जरिए फर्जी सिम से जुड़े लोगों को चिह्नित किया था। जांच में इन सिम के जरिए 100 से ज्यादा लोगों से संपर्क किए जाने की जानकारी सामने आई है।4 लोगों पर दर्ज हुआ मामला-क्राइम ब्रांच की रिपोर्ट के आधार पर एमआईजी पुलिस ने भगवान दास जुनवाल, राजेश चौधरी, हिमांशु और आशीष शर्मा के खिलाफ साइबर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस फर्जी सिम से जुड़े नेटवर्क और इसके इस्तेमाल की जांच कर रही है।
ज्यादा रुपए लेकर बेची सिम-पुलिस पूछताछ में सोमनाथ की चाल में रहने वाले सिम वेंडर रोहित दलवे ने बताया कि उसने 15 मार्च को राजेश को सिम दी थी। इसके लिए उसने ज्यादा रुपए लिए थे। राजेश ने पूछताछ में बताया कि उसने यह सिम भगवान दास को ज्यादा रुपए में दी थी।पुलिस भगवान दास को थाने लेकर आई तो उसने हिमांशु और आशीष को रुपए के लालच में सिम देने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन ऑर्डर के नाम पर खातों में रुपए डलवाने के लिए इन सिम का इस्तेमाल किया गया।फर्जी सिम से जुड़े मामले में इंदौर पुलिस की यह दूसरी कार्रवाई है। पुलिस अब मामले से जुड़े मोबाइल नंबर, खातों और अन्य संपर्कों की जांच कर रही है।