इंदौर। कनाडिया थाना क्षेत्र में सोमवार अलसुबह तेंदुए के दिखने का मामला सामने आया है। बायपास से गुजर रहे एक कार सवार ने तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब वायरल हो रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम आसपास के इलाके में तलाश कर रही है।बताया जा रहा है कि देवगुराडिया, तेजाजी नगर और कनाडिया इलाके में तेंदुए की मूवमेंट देखी गई है। सोमवार सुबह यहां से गुजर रहे एक कार चालक ने अपने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो रिकॉर्ड किया।बिचोली मर्दाना ब्रिज के पास दिखा तेंदुआ-तेंदुआ बिचोली मर्दाना ब्रिज के पास एक होटल के करीब दिखाई दिया। कार चालक जब वहां से गुजर रहा था, तभी उसे कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। इसी दौरान तेंदुआ सड़क के सामने से भागता हुआ नजर आया।आसपास खेत होने से जंगल से पहुंचा जानवर-जानकारी के मुताबिक देवगुराडिया बायपास के पास का इलाका है और आसपास खेत भी हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने और शिकार की तलाश में जंगली जानवर कभी-कभी शहरी क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं।वन विभाग के मुताबिक सोमवार के बाद से अभी तक तेंदुए की रिहायशी इलाके में दोबारा मूवमेंट की जानकारी नहीं मिली है। टीम इलाके में निगरानी कर रही है।
तेंदुए का मूवमेंट:कार सवार ने बनाया वीडियो; देवगुराडिया में वन विभाग की टीम तलाश में