इंदौर। शहर में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने का ट्रेंड थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र का सामने आया है, जहां तीन युवकों का तलवार और चाकू के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच और बाणगंगा थाना पुलिस हरकत में आ गई है और हथियार लहराकर वीडियो बनाने वाले युवकों की तलाश शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो बाणगंगा इलाके के गोविंद नगर खारचा क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में इलाके का रहने वाला अतुल ठाकुर अपने दो साथियों के साथ गाने की धुन पर नाचते हुए दिखाई दे रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि नाचते समय अतुल और उसके दोनों साथियों के हाथ में तलवार और चाकू जैसे धारदार हथियार नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवकों ने खुद ही इस वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किया था। वीडियो में तीनों युवक खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन सकता है। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस को भी इसकी जानकारी मिल गई। वायरल वीडियो सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। जानकारी के मुताबिक एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वीडियो में दिखाई देने वाले युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया पर स्टंट कर रहे बदमाश- इंदौर में पिछले कुछ समय से बदमाशों द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर वायरल करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ युवक लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में कानून की परवाह किए बिना इस तरह के वीडियो बना रहे हैं। फिलहाल क्राइम ब्रांच और बाणगंगा थाना पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की तलाश कर रही है। संभावना है कि जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।