उज्जैन। गर्मी की शुरुआत के साथ ही बाजार में महाराष्ट्र के के तरबूज, ‘सिंबा की आवक शुरू हो गई है। यह तरबूज अपनी जबरदस्त मिठास और स्वाद के लिए पहचाना जाता है , जो बाजार में 30 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है।
गर्मियों का पंसदीदा फल तरबूज इन दिनों उज्जैन मंडी की शोभा बढ़ा रहा है। कई जगह तरबूज की दुकानें सज गई है वहीं रमजान का महीना होने की वजह से इसकी बिक्री भी जमकर हो रही है।
महाराष्ट्र का सिंबा तरबूज मार्केट में
महाराष्ट्र के नांदेड, शोलापुर के तरबूज की आवक हो रही है। सिंबा तरबूज अपनी अत्यधिक मिठास कुरकुरे गूदे और 65-70 दिनों में जल्दी तैयार होने के लिए मशहूर है। सिंबा तरबूज अपनी बेहतरीन गुणवत्ता और मध्यम से बड़े आकार के लिए जाना जाता है।जानकारों के अनुसार वैसे तो तरबूज की बाहुबली,मैक्स, जन्नत सहित कई अलग-अलग वैरायटियां है, लेकिन महाराष्ट्र का सिंबा तरबूज अपने स्वाद व मिठास कारण सबसे लाजवाब है। इसका वजन आमतौर पर 3.5 से 4 किलोग्राम के बीच होता है।
सेहत के लिए भी फायदेमंद…
विशेषज्ञों के अनुसार तरबूज पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें 90 प्रतिशत पानी के साथ ही प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, पोटेशियम, सोडियम एवं जिंक सहित कई प्रकार के जरुरी विटामिन होते हैं। इससे यह ह्दय, पेट, कैंसर, मांसपेशियां, दमा, रक्तचाप, नेत्र रोग, मधुमेह,हीट स्ट्रोक, हड्डी, मसूड़े, बाल व त्वचा सहित कई बीमारियों में लाभदायक है।
अप्रैल में बंपर आवक शुरू
लोहे के पुल महाकाल मार्ग उपकेश्वर चौराहे पर दुकान लगाने वाले तरबूज व्यापारी शाहरुख व आमिर ने संयुक्त रूप से बताया कि कई वर्षों से वह तरबूज का व्यापार कर रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि महाराष्ट्र,राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, पंजाब एवं हरियाणा में तरबूज की खूब पैदावार होती है। वहीं, अभी बाहर से प्रतिदिन कई क्विंटल तरबूज की आवक हो रही है। वहीं, मार्च के बाद कई क्षेत्रों से तरबूज की आवक शुरू होने से भाव में कमी आने की संभावना है।
आवक बढ़ जाएगी तो भाव भी काम हो जाएगा
दौलतगंज के फल व्यापारी ईकबाल हुसैन ने बताया कि सिंबा तरबूज महाराष्ट्र से आता हैं। वर्तमान में इसका खैरची भाव 25 से 30 रूपए किलो चल रहा है। हालांकि जैसे-जैसे बाजार में तरबूज की आवक बढ़ जाएगी तो इसका भाव भी काम हो जाएगा। अभी वर्तमान में सिंबा तरबूज मार्केट में आया है। त्यौहार की वजह से तरबूज की डिमांड बढ़ गई है। रमजान का महीना चल रहा है ऐसे में सिंबा तरबूज की बिक्री जोरों पर है यह खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही मीठा होता है इसलिए लोग इसे बहुत ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बाहुबली तरबूज भी मीठा लाजवाब होता है बाहुबली की आवक अप्रैल में शुरू हो जाएगी। सबसे पहले मार्केट में सिंबा तरबूज आता है इसकी फसल जल्दी तैयार हो जाती है।