ढाबा रोड चौडीकरण में देर शाम को हादसा, कोई जनहानि नहीं गेबी हनुमान मंदिर की गली के पास गिरा 3 मंजिला मकान

उज्जैन। ढाबा रोड चौड़ीकरण में सोमवार देर शाम तीन मंजिला मकान अचानक गिर गया। मकान के गिरते ही धुएं का गुब्बार उठा और अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान सामने बने 2 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गये। हादसे के बाद क्षेत्र  मे अंधेरा छा गया। गनीमत रही कि जनहानि नहीं हुई।
सिंहस्थ 2028 को देखते हुए ढाबारोड क्षेत्र में मार्ग चौड़ीकरण का किया जा रहा है। चौड़ीकरण की जद में आ रहे मकानों, दुकानों को तोड़ा जा रहा है। मार्ग पर गेबी हनुमान मंदिर के मुहाने पर कालू राठौर और अली भाई के मकान बने  है। जिनका चौड़ीकरण में कुछ हिस्सा तोडा गया था, मकान पुराने समय के कच्चे बने थे। मकानों के पास सहारा नहीं होने से हवा में झूलने लगे थे। शाम को अचानक दोनों तीन मंजिला मकान ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो गये। जैसे ही मकान जमीन पर गिरे धुएं का गुब्बार उठा और मार्ग पर लगे बिजली के तार टूटने पर चिंगारी निकली। मकानों के गिरने पर सामने की ओर बने प्रकाश धानी के मकान कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया था, गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। नगर निगम भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि चौड़ीकरण के दौरान पहले ही जर्जर मकानों को देखते हुए बेरिकेडिंग करवाकर मकान मालिकों को सूचना पत्र जारी किया जा चुका था। हादसे की जानकारी मिलने पर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी ढाबारोड पहुंच गये थे।
हादसे के समय जारी था आवगमन
खास बात यह थी कि मकान धराशाई होने का यह हादसा पूरी तरह से आवागमन जारी रहने के दौरान ही हुआ। क्षेत्रीय नागरिकों ने मकानों की स्थिति को देखते हुए यहां आवागमन करने वालें लोगों को इधर-उधर किया और सचेत करते रहे। इसके चलते कोई हादसा नहीं हो पाया। क्षेत्रीय नागरिक लालू राजा का कहना था कि उन्होंने नगर निगम सहित प्रशासन के तमाम आला अफसर को काल किया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया इसके बाद यह हादसा हो गया। सोमवार को ही दोपहर में कलेक्टर ने क्षेत्र का दौरा किया था उन्हें भी इस मामले में कहा गया था।
अंधेरे में डूबा पूरा क्षेत्र
हादसे के पहले क्षेत्र में बिजली की एलटी एवं एचटी लाईनें चालू थी। भवन के धराशाई होने के दौरान दोनों ही लाईनें टूट गई जिससे पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया था। जिसके चलते क्षेत्र के नागरिकों को परेशानी बढ़ गई। पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई थी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment