डीएवीवी में डेटिंग ऐप विवाद: पिता को इंदौर बुलाया, छात्रा बोली- निजी बातों को मुद्दा बनाया

विवि ने कहा- होस्टल से निकाला, पढ़ाई जारी रहेगी

ब्रह्मास्त्र इंदौर

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के कमला नेहरू हॉस्टल में छात्रा के निष्कासन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर हॉस्टल से बाहर की गई छात्रा के पिता से बुधवार को विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बातचीत कर इंदौर बुलाया है। उधर, छात्रा ने भी आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को साजिश का शिकार बताया है।

छात्रा ने लिखित स्पष्टीकरण में कहा है कि वीडियो कॉल पर बात करना उसका निजी मामला है और इसे गलत तरीके से पेश किया गया। उसने यह भी दावा किया कि किसी पर बॉयफ्रेंड बनाने का दबाव नहीं डाला गया। जब्त सामान को लेकर भी छात्रा ने आपत्ति जताई है और उसे वापस करने की मांग की है।

डाटा साइंस विभाग में पढ़ने वाली छात्रा ने सीयूईटी के माध्यम से पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में प्रवेश लिया। प्रथम वर्ष की छात्रा पश्चिम बंगाल के कोलकाता की रहने वाली है। यहां कमला नेहरू होस्टल में रहती है। प्रवेश के दौरान छात्रा ने लोकल गार्जियन यानी स्थानीय अभिभावक के बारे में फॉर्म में जानकारी नहीं दी है। इसके चलते छात्रा की इन गतिविधियों के बारे में पिता से चर्चा हुई है, जो दो से तीन दिन में विश्वविद्यालय के अधिकारियों से मिलेंगे।
समिति की रिपोर्ट पर प्रशासन सख्त- छात्रा की गलत हरकतों को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय ने चार सदस्यीय समिति बनाई, जिसमें डॉ. अर्चना रांका, डॉ. सुधिरा चंदेल, डॉ. निशा सिद्दीकी, वार्डन डॉ. अर्पिता लाखरे और डॉ. पूजा जैन शामिल थीं। तीन दिनों तक सदस्यों ने अलग-अलग छात्राओं से चर्चा की।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment