इंदौर।इंदौर में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दयाल बाग कॉलोनी, खंडवा रोड स्थित इंदौर ट्रामा सेंटर प्रा. लि. निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर सीटी स्कैन और सोनोग्राफी मशीन को सील कर दिया गया।सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि टीम द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया गया। इसमें पाया गया कि पांच से ज्यादा अपंजीकृत डॉक्टर्स सोनोग्राफी और ईको से संबंधित काम कर रहे थे। जांच के दौरान एक सीटी स्कैन मशीन भी संचालित पाई गई, जो अपंजीकृत थी।निरीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कलेक्टर के निर्देश पर 26 मार्च को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निर्मला अखंड के साथ पीसीपीएनडीटी टीम को मौके पर भेजा गया।टीम ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल में स्थापित सोनोग्राफी और सीटी स्कैन मशीन को सीलबंद कर दिया और पीसीपीएनडीटी प्रमाणपत्र के नवीनीकरण पर रोक लगा दी। कार्रवाई के दौरान पंचनामा भी तैयार किया गया।कलेक्टर शिवम वर्मा ने अपंजीकृत डॉक्टर्स डॉ. सुयश सक्सेना, डॉ. शैलेन्द्र पटेल, डॉ. राजेश करंजिया, डॉ. रावेश गुर्जर, डॉ. प्राची बाथम सहित अन्य के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितता और नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ट्रामा सेंटर की सीटी स्कैन, सोनोग्राफी मशीनें सील:बिना रजिस्ट्रेशन वाले डॉक्टर्स कर रहे थे काम