बॉलीवुड सिंगर-रैपर बदशाह ने टटीरी सांन्ग पर चल रही कंट्रोवर्सी में राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश होकर माफी मांग ली है। मंगलवार को दिल्ली में आयोग के सामने सिंगर के अलावा निर्देशक जोबन संधू, महावीर सिंह के साथ-साथ निमार्ता हितेन भी पेश हुए।
मामले की सुनवाई आयोग की अध्यक्षा विजया रहाटकर ने की। आयोग ने गीत के बोल और प्रेजेंटेशन को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए नाराजगी जताई। इसके बाद बादशाह और उनकी टीम ने बिना शर्त माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा बादशाह ने महिला सशक्तिकरण के लिए काम करने, 4 महीनों के भीतर एक पॉजीटिव सॉन्ग बनाने और आर्थिक रूप से कमजोर 50 लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाने का भी वादा किया।
एक मार्च को रिलीज हुआ, 3 एफआईआर दर्ज हुई : बादशाह का टटीरी सॉन्ग 1 मार्च को रिलीज हुआ था। सॉन्ग के रिलीज होने के साथ ही इसमें बादशाह के लिरिक्स और लड़कियों के सीन को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। पानीपत स्थित नारी तू नारायणी उत्थान समिति अध्यक्ष सविता आर्या ने बादशाह के खिलाफ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर जींद और पंचकूला में बादशाह के खिलाफ 3 प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पंचकूला पुलिस ने सॉन्ग को यूट्यूब से हटवा दिया।
आयोग के सामने पेश न होने पर गिरफ्तारी के आदेश : इसके बाद हरियाणा महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया था। 13 मार्च हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने सिंगर को पानीपत में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया था। बादशाह की जगह पेश हुए उनके वकीलों ने दलील दी थी कि बादशाह सिक्योरिटी रीजन और प्रोफेशनल कमिटमेंट की वजह से पेश नहीं हो सके। इसके बाद चेयरपर्सन ने पंचकूला और पानीपत रढ को बादशाह की गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्ती के निर्देश दिए थे।