उज्जैन। शासकीय अस्पताल की फार्मासिस्ट का 15 ग्राम वजनी मंगलसूत्र घर पर झाड़ू पोछा करने आ रही महिला ने चोरी किया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद मंगलसूत्र बरामद कर लिया है। उक्त महिला पूर्व में भी अंगूठी चुरा चुकी थी, जिसकी बरामदगी के लिए बुधवार को न्यायालय में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है।गिरिराज हेरिटेज माधव क्लब के पास रहने वाली स्वाती पति दीपक मिश्रा शासकीय जिला अस्पताल में फार्मासिस्ट है। 10 मार्च को नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील को शिकायत दर्ज कराई की 15 फरवरी को उसने अपना 15 ग्राम वजनी मंगलसूत्र ड्रेसिंग रूम की दराज में रखा था। 3 दिन पहले देखा तो दराज में नहीं मिला। इससे पहले दिसंबर माह में घर से सोने की अंगूठी भी गायब हो गई थी, लेकिन उसे वक्त शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। मंगलसूत्र गायब होने पर उसे घर में झाड़ू पोछा करने आ रही वर्षा पांडे पर संदेह है। थाना प्रभारी ने मामले की जांच प्रधान आरक्षक पीयूष मिश्रा और कपिल राठौर को सौंपी। जिन्होंने महालक्ष्मी नगर, नागझिरी में रहने वाली वर्षा पांडे को थाने पर तलब किया और महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में पूछताछ शुरू की। कुछ देर में ही वर्षा पांडे टूट गई और उसने मंगलसूत्र चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से सवा 3 लाख से अधिक कीमत का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार बुधवार दोपहर आरोपिया को न्यायालय में पेश किया गया है जहां से एक दिन की रिमांड पर लिया जा रहा है। उससे पूर्व में हुई अंगूठी चोरी के संबंध में पूछताछ कर बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।नियत खराब होने पर की चोरी-आरोपिया ने बताया कि वह पिछले 5-6 माह से गिरिराज हेरिटेज में रहने वाली स्वाती मिश्रा के यहां झाड़ू पोछा का काम कर रही है। पति बृजेश पांडे का निधन हो चुका है जिसके चलते वह जीवन यापन के लिए घरों में काम करती है। मंगलसूत्र देखकर उसकी नियत खराब हो गई थी और लालच आ गया था जिसके चलते उसमें चोरी को अंजाम दिया था। बताया जा रहा है कि उसने अंगूठी की वारदात भी कबूल कर ली है लेकिन पुलिस द्वारा उक्त चोरी का खुलासा नहीं किया है। बरामदगी की होने पर मामला स्पष्ट किया जाएगा।
ReplyForward