इंदौर। चोइथराम मंडी क्षेत्र में पिछले सोमवार को चेंबर में काम करते समय नगर निगम के दो कर्मचारियों की मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। शुक्रवार को केंद्रीय समिति का एक दल मामले की जांच के लिए इंदौर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस मामले में केंद्रीय समिति ने राज्य सरकार से भी जवाब मांगा था।
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित चोइथराम मंडी में अजय और करण नाम के दो नगर निगम कर्मचारियों की मौत के मामले में जांच के लिए केंद्रीय समिति का दल पहुंचा। टीम के साथ केंद्रीय मंत्री का दर्जा प्राप्त गिल भी मौजूद थे।सूचना मिलने के बाद मौके पर नगर निगम के कर्मचारी और राजेंद्र नगर थाने की पुलिस भी पहुंची। समिति के सदस्यों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नगर निगम अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि संबंधित चेंबर की लाइन का उपयोग किस काम के लिए किया जाता है और घटना वाले दिन दोनों कर्मचारी वहां किस काम से पहुंचे थे।करीब आधे घंटे तक समिति के सदस्य मौके पर मौजूद रहे और नगर निगम के स्टाफ व पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। जांच के आधार पर समिति अपनी रिपोर्ट केंद्र और राज्य सरकार को सौंपेगी।