चाकू दिखाकर लोगों को धमकाने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार

उज्जैन। चाकू दिखाकर लोगों को धमका रहे 2 बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। दोनों से धारदार चाकू बरामद किये गये है। बड़नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि बुधवार रात खबर मिली थी कि शेखपुर कराडिया रोड और खेड़ा माधव फंटा पीरझलार रोड पर 2 बदमाश चाकू दिखाकर लोगों को धमका रहे है। बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम भी दे सकते है। तत्काल 2 टीम बनाई गई और बदमाशों की धरपकड़ के लिये रवाना किया गया। मौके पर पहुंच पुलिस टीम ने घेराबंदी की और दोनों बदमाशों को हिरासत में लिया, जिनके पास से धारदार चाकू बरामद हो गये। थाने लाकर पूछताछ करने पर एक बदमाश का नाम समीर पिता सत्तार खां 24 साल निवासी शाहजीलालपुरा बड़नगर और दूसरे का सादिक पिता हकीमउद्दीन शेख 21 साल निवासी मिर्ची बाजार बड़नगर का होना बताया। दोनों के खिलाफ अवैध हथ्यिार रखने की धारा 25 आर्म्स एक्ट की धारा में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी ली गई। दोनों को गुरूवार दोपहर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों बदमाशों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार करने में एएसआई गोवर्धनदास बैरागी, प्रधान आरक्षक रामनारायण चौहान, आरक्षक महेश मोर्य, अजय चौहान, नारायण सरा, सैनिक भुपेन्द्र बैरागी, गोवर्धन डाबी का सहयोग रहा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment