गांव बनेगा हेलमेट युक्त, बाइक शोरूम से दो हेलमेट देने की अपील करेंगे एएसपी:यातायात सुरक्षा पर जोर

अकोदिया। नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर ने पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार शाम अकोदिया थाने में शांति समिति की बैठक ली। बैठक में यातायात सुरक्षा, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और सामाजिक व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। एएसपी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए एक गांव को गोद लेकर उसे पूरी तरह ‘हेलमेट युक्त गांव’ बनाने की पहल की घोषणा की।एएसपी तारणेकर ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनना और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और मौत का बड़ा कारण बनता है। यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान बचाने के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोगों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, बाइक शोरूम संचालकों से अपील की जाएगी कि वे नई बाइक बेचते समय ग्राहकों को दो हेलमेट उपलब्ध कराएं, ताकि चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी सुरक्षित रहे।किसानों से वसूली के मामले में सख्त रुख-बैठक में कंजर समुदाय के कुछ लोगों को ‘नेपा’ के नाम पर पैसे देने की प्रथा का मुद्दा भी उठा। बताया गया कि कुछ किसान खेतों और फसलों को नुकसान से बचाने की आशंका के चलते पैसे देते हैं, जबकि पैसे नहीं देने वाले किसानों के खेतों को नुकसान पहुंचाए जाने की शिकायतें भी सामने आती हैं। इस पर एएसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध वसूली या किसी को डराने-धमकाने जैसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर पुलिस जांच कर सख्त कार्रवाई करेगी।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment