इंदौर। हीरानगर पुलिस ने सोमवार को एक नाइजीरियन युवक को गिरफ्तार किया है। वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने इलाके में आया था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि उसका वीजा 2023 में ही समाप्त हो चुका था और तब से वह अवैध रूप से शहर में रह रहा था।पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान डॉन पेड्रो चार्लिस निवासी सनसिटी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है। वह कई साल पहले इंदौर आया था और बीपीओ कंपनी में काम कर रहा था। वीजा समाप्त होने की जानकारी मिलने के बाद विभाग ने पुलिस को सूचित किया था। इसके बाद लसूड़िया पुलिस उसे तलाश रही थी, लेकिन वह लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से दूर रहा।चौंकाने वाली बात यह है कि वह लसूड़िया क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए से रह रहा था, जहां कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बंगले भी बने हुए हैं। सोमवार को सूचना मिली कि वह हीरानगर इलाके में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आया है, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में उसने बताया कि उसका वीजा करीब तीन साल पहले खत्म हो चुका था, लेकिन उसने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। अब पुलिस उसके मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गर्लफ्रेंड से मिलने आया नाइजीरियन पकड़ाया:2023 में समाप्त हुआ वीजा,पुलिस को नहीं था पता