बोले- कम उम्र में शादी की, इसके लिए बड़ी कीमत चुकानी पड़ी
ब्रह्मास्त्र आगरा
क्रिकेटर राहुल चाहर ने फैशन डिजाइनर पत्नी ईशानी जौहर से तलाक ले लिया है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी। राहुल ने लिखा कि कम उम्र में शादी होने से वह खुद को और अपने जीवन की दिशा को पूरी तरह समझ नहीं पाए थे। पिछले 15 महीने अदालतों के चक्कर लगाते हुए बीते। उन्होंने लिखा, सारी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह मामला मेरे फैसले के साथ समाप्त हुआ, लेकिन इसके लिए मुझे बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। राहुल उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं। उन्होंने 22 साल की उम्र में 9 मार्च, 2022 को ईशानी के साथ गोवा में डेस्टिनेशन वेडिंग की थी। अब शादी के करीब 4 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला लिया है। वहीं, तलाक को लेकर अब तक ईशानी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
राहुल ने लिखा- मैं अपने जीवन में आगे बढ़ रहा हूं- राहुल चाहर ने एक्स पर लिखा- मैंने कम उम्र में शादी की थी। उस समय मैं खुद को, अपनी कीमत को और उस जीवन को पूरी तरह नहीं समझ पाया था, जिसे मैं सच में बनाना चाहता था। इसके बाद मेरे जीवन में ऐसे साल आए, जिनकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। पिछले 15 महीने मैं अदालत के चक्कर लगाता रहा। इस दौरान मैंने धैर्य रखना, सहन करना और सच से मिलने वाली ताकत को समझना सीखा।